20.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

कांग्रेस-18-दिसंबर-को-क्राउड-फंडिंग-अभियान-डोनेट-फॉर-देश-की-शुरुआत-करेगी

कांग्रेस पार्टी चंदा जुटाने के लिए क्राउड फंडिंग अभियान की शुरुआत करने जा रही है। कांग्रेस ने इस अभियान का नाम ‘डोनेट फॉर देश’ रखा है। 18 दिसंबर को कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिल्ली से इसकी शुरुआत की जाएगी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने शनिवार को प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। 

केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को अपने ऑनलाइन क्राउड फंडिंग अभियान ‘डोनेट फॉर देश’ लॉन्च की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है। यह पहल 1920-21 में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक तिलक स्वराज कोष से प्रेरित है। इस अभियान का उद्देश्य एक श्रेष्ठ भारत बनाने में कांग्रेस पार्टी को सशक्त करना है। यह अभियान ‘बेहतर भारत के लिए दान’ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 138 साल की यात्रा का जश्न है।

वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी देशवासियों से 138 रुपये के गुणक (जैसे, 138 रुपये, 1,380 रुपये, 13,800 रुपये, या अधिक) दान करने के लिए अनुरोध करती है, ताकि कांग्रेस पार्टी एक बेहतर भारत के लिए काम कर सके। कांग्रेस ने इस ऑनलाइन क्राउडफंडिंग के लिए दो चैनल बनाए हैं। इनमें एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल Donateinc.in और आधिकारिक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस वेबसाइट www.inc.in शामिल हैं। 

यह अभियान मुख्य रूप से कांग्रेस के स्थापना दिवस 28 दिसंबर तक ऑनलाइन होगा, जिसके बाद यह अभियान जमीनी अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत पार्टी से जुड़े स्वयंसेवी घर-घर जाएंगे और प्रत्येक बूथ में कम से कम 10 घरों को लक्षित करके हर घर से कम से कम 138 रुपये का अंशदान सुनिश्चित करेंगे। 

वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि पार्टी के राज्य स्तर के पदाधिकारियों, निर्वाचित प्रतिनिधियों, जिला अध्यक्षों, प्रदेश अध्यक्षों और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पदाधिकारियों को कम से कम 1,380 रुपये का योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

वेणुगोपाल ने यह भी बताया कि कांग्रेस पार्टी के 138वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 28 दिसंबर को नागपुर में एक विशाल रैली आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक रैली में कम से कम दस लाख लोग शामिल होंगे।

वहीं कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि जो लोग आर्थिक सहयोग करना चाहते हैं, उन्हें भारतीय नागरिक होना चाहिए और उनकी आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। दानदाताओं को दान प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles