24.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर नितिन फौजी, रोहित राठौड़ और मदद करने वाले उधम सिंह को मजिस्ट्रेट के घर पर किया पेश, 5 दिन का रिमांड, 50 हजार के लिए की हत्या

श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाले दोनों शूटर नितिन फौजी, रोहित राठौड़ और मदद करने वाले उधम सिंह को पुलिस ने सोमवार सुबह 8 बजे कोर्ट में पेश किया। मजिस्ट्रेट ने तीनों बदमाशों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने कोर्ट से कहा- हत्या को लेकर कई पहलू पर अभी जांच करना बाकी है। वहीं, सबसे पड़ा सवाल ये है कि दोनों शूटर नितिन फौजी और रोहित राठौड़ ने अपने साथी नवीन सिंह को भी गोगामेड़ी के साथ क्यों मार डाला। क्योंकि नवीन सिंह ही दोनों को गोगामेड़ी के घर लेकर पहुंचा था।

जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि सोमवार सुबह तीनों बदमाशों को गांधी नगर स्थित मजिस्ट्रेट आवास पर पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों को 5 दिन के रिमांड पर दिया है। रविवार को शूटर्स की मदद करने वाले आरोपी रामवीर को कोर्ट में पेश किया गया था। रामवीर को कोर्ट ने 8 दिन की पीसी रिमांड दिया है। इस रिमांड अ‌वधी में इन बदमाशों से अहम सवाल पूछने हैं। जरूरत पड़ी तो इन बदमाशों को हरियाणा भी ले जाया जाएगा। 

जयपुर कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कराने के लिए नेपाल में बैठे वीरेंद्र चारण ने रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को सुपारी दी थी। वर्चस्व और कई विवादों के चलते गोगामेड़ी की हत्या कराई गई। हत्या के लिए लॉरेंस विश्नोई ने संपत नेहरा, संपत ने रोहित गोदारा और रोहित ने वीरेंद्र चारण को टास्क दिया।

जयपुर कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि वीरेंद्र ने भवानी सिंह उर्फ रॉनी को पहले तैयार किया था, जो अपने साथी सुमित और राहुल के साथ हरियाणा पुलिस की पकड़ में आ गया। इसके बाद नवीन शेखावत के जरिए रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को तैयार किया। नितिन फौजी को लालच दिया गया कि गोगामेड़ी को मार दिया तो उसे पत्नी के साथ कनाडा में शिफ्ट कर दिया जाएगा। वह संपत नेहरा और रोहित गोदारा के नजदीक हो जाएगा। रोहित राठौड़ रेप केस का बदला लेने के लिए गोगामड़ी की हत्या करने को राजी हुआ।

जयपुर कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि गोगामेड़ी की हत्या करने के लिए नवीन शेखावत ही रोहित और नितिन को लेकर सुखदेव के घर गया था। हत्याकांड में मारा गया नवीन पहले से वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा के संपर्क में था। ऐसे में बदमाशों ने शूटरों को गोगामेड़ी के घर में घुसाने के लिए नवीन का उपयोग किया। इसके लिए नवीन ने गाड़ी किराए पर ली थी। मिलने के बहाने दोनों को साथ ले गया था। इसके बाद 5 दिसंबर को अजमेर रोड पर तीनों आपस मिले। सीधे गोगामेड़ी के घर पहुंच गए और हत्या कर दी।
जयपुर कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि हत्या करने के बाद आरोपियों की लोकेशन हिसार में आई थी। टीम ने बदमाशों का मूवमेंट धारूहेड़ा और हिसार में होने के कारण दिल्ली क्राइम ब्रांच से संपर्क किया। जहां से इंस्पेक्टर राकेश कुमार टीम लेकर पहुंच गए। इसके बाद जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया गया। हिसार रेलवे स्टेशन से रोहित और नितिन के सीसीटीवी फुटेज निकाले गए।

जयपुर कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि गुड़गांव की जेल में भवानी सिंह से पूछताछ के बाद उधम सिंह का नाम सामने आया। इसकी लोकेशन के आधार पर टीम चंडीगढ़ पहुंची। दबिश देकर नितिन फौजी, रोहित राठौड़ और उधम सिंह को एक साथ पकड़ लिया। इसके बाद नितिन को सीधा जयपुर लाया गया, जबकि रोहित राठौड़ और उधम को क्राइम ब्रांच पहले दिल्ली ले गई। पूछताछ करने के बाद रविवार दोपहर में जयपुर लाकर पुलिस को सौंप दिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार रोहित और नितिन ने 50 हजार रुपए के लिए गोगामेड़ी की हत्या की थी। अब पुलिस इस मर्डर में सहयोग करने वाले और सोशल मीडिया पर इन्हें फॉलो करने वालों को भी पकड़कर पूछताछ करेगी। हत्या के लिए हथियार बाड़मेर से मंगवाए गए थे। यह वही हथियार बताए जा रहे हैं, जो राजू ठेहट की हत्या में काम लिए गए थे। शूट आउट की प्लानिंग और ऑर्डर देने वाला दोनों बदमाशों के संपर्क में था। इंटरनेट कॉलिंग के जरिए बदमाशों को आगे क्या करना है? इसकी जानकारी दी जा रही थी।

दिल्ली और राजस्थान पुलिस की संयुक्त जांच में सामने आया कि रोहित, नितिन और उधम होटल कमल रिजॉर्ट नाम के गेस्ट हाउस में चंडीगढ़ में छुपे थे। यहां तीनों नाम बदलकर छुपे थे। आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड दविंदर कुमार, जयवीर सिंह और सुखबीर सिंह के नाम से बना रखे थे। इससे उनकी पहचान उजागर नहीं हो।एक लाख रुपए के इनामी बदमाश वीरेंद्र चारण ने नेपाल में रहकर भवानी के मार्फत नितिन और रोहित को सुखदेव की हत्या करने के लिए तैयार किया। इसने नवीन शेखावत के जरिए रोहित और नितिन को हत्या करने के लिए तैयार किया। हत्या के लिए वीरेंद्र ने 50 हजार रुपए नवीन को भिजवाए। जांच में सामने आया है कि यह पैसा ऑनलाइन दिया गया। इस कारण पुलिस अब ऑनलाइन पैसा देने वाले तक पहुंचने के काफी नजदीक है।
दिल्ली और राजस्थान पुलिस की संयुक्त जांच में सामने आया है कि रोहित पर वैशाली नगर में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने पॉक्सो एक्ट (नाबालिग से रेप) का मामला दर्ज कराया था। साल 2017 में दर्ज इस मामले में गोगामेडी ने लड़की वालों का साथ दिया था। इसके कारण रोहित राठौड़ को कई समय तक जेल में रहना पड़ा था। हालांकि बाद में इस मामले में एफआर लग गई थी। रोहित गोगामेड़ी से इसका बदला लेना चाहता था। इसलिए वह पैसों के लिए हत्या करने के लिए तैयार हो गया।
वीरेंद्र चारण ने नवीन और भवानी सिंह के जरिए नितिन फौजी से संपर्क किया था। नितिन फौजी पहले भी भवानी सिंह के साथ गांव में एक व्यक्ति पर फायरिंग कर चुका था। नितिन फौजी के दिमाग में यह बिठा दिया गया था कि उसकी फायरिंग वाली घटना के बाद नौकरी नहीं रहेगी। आर्मी वाले उसे नौकरी से निकाल कर जेल में डाल देंगे। इससे अच्छा है कि वह एक हत्या कर दे तो उसे और उसके परिवार को कनाडा शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे उसे और परिवार को कोई परेशानी नहीं होगी। कनाडा जाने के लालच में नितिन भी वीरेंद्र चारण के जाल में फंस गया।
शूटर्स की मदद करने वाला रामवीर जाट और नितिन फौजी दोस्त है। रामवीर और नितिन के गांव आस-पास है। दोनों आरपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में कक्षा 12 वीं में एक साथ पढ़े थे। रामवीर जाट ने जयपुर में होटल समेत हर सुविधा आरोपियों को उपलब्ध कराई थी। महेश नगर,मानसरोवर ,जगतपुरा सहित कई जगहों पर रामवीर ने दोनों को रुकवाया वहीं, सुखदेव हत्याकांड में रोहित और नितिन की फरारी कटवाने के लिए उधम सिंह ने हिसार से लेकर चंडीगढ़ तक रुपए, गाड़ी और होटल की व्यवस्था कराई।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles