21.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

ड्रग्स के नशे में चूर रहता इंस्पेक्टर का हत्यारा बेटा:1 महीने में 8 लोगों से मारपीट, 3 दिन पहले लड़की से छेड़छाड़, हर जुर्म पर बाप पर्दा डाल देता

ग्राउंड रिपोर्ट NSC9 न्यूज़

जयपुर में इंस्पेक्टर के बेटे ने पहले मामूली कहासुनी के बाद सब्जी का ठेला चलाने वाले की बैट से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। मामले में पड़ताल के लिए एनएससी9 न्यूज़ रजनी विहार कॉलोनी पहुंचे तो वहां रहने वाले लोगों ने कई खुलासे किए।
लोगों का कहना है कि इंस्पेक्टर प्रशांत शर्मा का बेटे क्षितिज ड्रग एडिक्ट है। पिछले करीब एक महीने में वह आठ लोगों से मारपीट भी कर चुका है। उसने कुछ दिनों पहले एक लड़की से भी छेड़छाड़ की थी, लेकिन इंस्पेक्टर पिता के रूबाब के कारण एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी।
इधर मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने हत्या के बाद उन्हें चार घंटे थाने में धूप में खड़ा रखा और आरोपी युवक को कुर्सी पर बिठाया। वहीं, मृतक की बहन के साथ भी मारपीट की गई। परिवार ने पुलिस पर जबरन अंतिम संस्कार का भी आरोप लगाया है।

दो ठेले वालों के सिर फोड़े

करणी विहार कॉलोनी में स्थित शिव मंदिर के पुजारी बंटी शर्मा ने बताया कि सीआई प्रशांत शर्मा करीब तीन साल से यहां रह रहे हैं।
मंदिर के पीछे ही सीआई का मकान है। कुछ समय पहले कॉलोनी में जब क्षितिज ने लोगों से मारपीट की तो उन्हें पता चला कि वो ड्रग्स लेता है। उन्हें यह बात क्षितिज के दोस्तों ने भी बताई थी।
रजनी विहार कॉलोनी समिति के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने बताया कि करीब 6 महीने पहले सब्जी मंडी में ठेला लगाने वाले दो लोगों के साथ भी क्षितिज ने मारपीट की थी।
उनमें से एक का तो क्षितिज ने सिर फोड़ दिया था और एक के कान पर गंभीर चोट लगी थी, लेकिन पिता पुलिस में होने के कारण दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई।
शर्मा ने बताया कि कॉलोनी में क्षितिज का आतंक इस कदर था कि वो कॉलोनी से निकलता था तो लोग दूर हट जाते थे। डरते थे कि वो कब किस पर हमला कर दे।
रात को तेज आवाज में गाने गाते हुए कॉलोनी से निकलता था। कई लोगों ने उसके पिता से शिकायत भी की थी, लेकिन हर बार उसके पिता ने पद का रौब दिखाकर मामला दबा दिया।

तीन दिन पहले लड़की के साथ छेड़खानी की थी

समिति के सचिव अशोक गौतम ने बताया कि ठेला चलाने वाले मोहनलाल की हत्या से तीन दिन पहले क्षितिज ने कंट्री क्लब के पास एक लड़की से छेड़खानी की थी।
लड़की का भाई कॉलोनी में शिकायत लेकर आया था। तब सीआई प्रशांत शर्मा ने मामला दबा दिया था। कॉलोनी के लोगों ने भी क्षितिज की सीआई से शिकायत की थी।
इस पर सीआई ने कहा कि यह उसकी आखिरी शिकायत है, अब वो अपने बेटे को समझा देंगे, वो अब सुधर जाएगा। फिर कभी उसकी कोई शिकायत नहीं आएगी।
लेकिन इसके तीन दिन बाद ही क्षितिज ने मोहन लाल की सिर पर बैट मारकर हत्या कर दी।

दोपहर में झगड़ा, रात को मर्डर

पंडित बंटी शर्मा ने बताया कि मोहनलाल अक्सर शराब पीता था, हालांकि नशे में उसने कभी किसी से छेड़छाड़ या झगड़ा नहीं किया।
वह रात करीब साढ़े नौ बजे मेरे पास आया था। बोला- ‘ये सीआई का बेटा क्षितिज अपने आप को समझता क्या है? दिन में उसने मेरे साथ झगड़ा किया। वो साइको है क्या
यह कह कर मोहनलाल मंदिर से निकल गया। इसके एक घंटे बाद क्षितिज ने मोहनलाल के सिर पर बैट से हमला करके उसकी हत्या कर दी।

परिजनों को चार घंटों तक धूप में बिठाकर रखा

मोहनलाल की बहन कामिनी ने बताया कि बुधवार सुबह उसका भाई घर नहीं आया था। लोगों ने बताया कि रात को उसका सीआई के बेटे से झगड़ा हुआ था।
इस पर वे सीआई के घर पूछने गए तो उन्होंने बताया कि उसके भाई के साथ मारपीट के बाद एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवा दिया है।
एसएमएस गए तो वहां भी भाई का पता नहीं चला। इस पर वे थाने गए लेकिन पुलिस वालों ने सुनवाई नहीं की और थाने में बाहर इंतजार करने के लिए कहा।
थाने में आरोपी का सीआई पिता कुर्सी पर बैठा दूसरे पुलिसवालों से बात कर रहा था और हम चार घंटे धूप में खड़े रहे। इसके बाद भी पुलिसवालों ने मेरे भाई के बारे में कुछ नहीं बताया।

‘महिला पुलिसकर्मी ने मेरी गर्दन पकड़कर थाने से भगाया’

कामिनी ने बताया कि घंटों तक इंतजार करने के बाद मैंने थाने में बैठे आरोपी के पिता प्रशांत शर्मा को पकड़कर पूछा- मेरा भाई कहां है बताओ।
इस पर एक महिला पुलिसकर्मी ने मेरी गर्दन पकड़कर मारपीट की और मुझे थाने से बाहर निकाल दिया। मेरी गर्दन पर अभी तक महिला पुलिसकर्मी के नाखूनों के निशान है।
सुबह से थाने में इंतजार करने के बाद शाम चार बजे हमें बताया कि हमारा भाई एसएमएस अस्पताल में है। फिर पुलिस की एक गाड़ी में हमें एसएमएस मोर्चरी में लेकर गए। वहां हमसे शव की शिनाख्त करवाई तब हमें पता लगा कि मेरे भाई की हत्या हो गई है।

पुलिस ने बॉडी तक घर नहीं ले जाने दी

कामिनी ने आरोप लगाया कि मोर्चरी में पुलिस ने हमसे रिपोर्ट लिखवाकर पोस्टमार्टम के लिए साइन करवाए। पोस्टमार्टम के बाद भाई की बॉडी घर नहीं ले जाने दी।
शव को जबरदस्ती मोर्चरी से सीधे 200 फीट बाईपास स्थित शमशान घाट ले गए और वहां से हमसे अंतिम संस्कार करवाया।
मामले में करणी विहार थानाधिकारी गजेंद्र सिंह जोधा का कहना है कि मृतक की बहन झूठ बोल रही है। मीडिया और थाने में दूसरे कई लोग उस समय वहीं मौजूद थे।
आरोपी को आज कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लेंगे। मामले की जांच कर हत्या के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।

सीआई ने अपने घर के सीसीटीवी फुटेज डिलीट किए

सीआई प्रशांत शर्मा के बेटे क्षितिज शर्मा ने मंगलवार रात ठेला चालक के सिर पर बैट मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद सीआई और उसका परिवार कार से मृतक मोहनलाल को एसएमएस अस्पताल ले गए थे।
यह पूरा घटनाक्रम सीआई के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गया था। सीआई ने अस्पताल से घर लौटने के बाद अपने घर के सीसीटीवी के फुटेज डिलीट कर दिए थे।
अगले दिन जांच के लिए आई पुलिस ने सीआई के पड़ोस के मकान के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

चार बहनों की जिम्मेदारी के कारण मोहन ने शादी नहीं की

मृतक मोहनलाल परिवार में इकलौता कमाने वाला था। मोहनलाल के पिता की पांच साल पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी।
चार बहनों और मां की जिम्मेदारी मोहनलाल पर थी। अपनी बहनों को बड़ा करके उनकी शादी की जिम्मेदारी के चलते मोहनलाल ने शादी नहीं की।
मोहनलाल ने अपने तीन बहनों की शादी कर दी थी। अब सबसे छोटी बहन सीमा (19) की शादी करनी थी।
छोटी बहन की शादी के लिए मोहनलाल सब्जी बेचकर पैसे जमा कर रहा था। अब भाई की मौत के बाद घर में कोई कमाने वाला नहीं बचा है।
खुद को डीआईजी बताता था हत्यारे बेटे का इंस्पेक्टर पिता:रेस्टोरेंट में शराब पीकर हंगामा, तोड़फोड़ की; पुलिस को भी दिखाई थी धौंस वीडियो वायरल हुआ तों इंस्पेक्टर सस्पेंड

जयपुर में युवक को बैट से पीट-पीटकर मारने वाले बेटे और इस घटना को छिपाने वाले इंस्पेक्टर पिता की एक और करतूत सामने आई है। इंस्पेक्टर प्रशांत शर्मा खुद को डीआईजी बताकर बाजार में धौंस जमाता था और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने से भी नहीं चूकता था। इस मामले में इंस्पेक्टर के खिलाफ रेस्टोरेंट मालिक ने परिवाद दिया है। अभी हत्या के मामले में इंस्पेक्टर के बेटा क्षितिज शर्मा को पुलिस ने अरेस्ट कर रिमांड पर लिया है।
जब पड़ताल की तो सामने आया कि आरोपी क्षितिज शर्मा गुस्से वाला था। पहले भी कॉलोनी में कई लोगों से मारपीट कर चुका था, लेकिन पिता के सीआई होने के कारण कोई शिकायत नहीं करता था। सीआई प्रशांत शर्मा और उसकी पत्नी भी मारपीट कर चुकी है।
सीआई प्रशांत शर्मा ने 29 मार्च को वैशाली नगर में गणेश मार्ग स्थित एक रेस्टोरेंट पार्टी के लिए बुक किया था। इस दौरान सीआई ने खुद को डीआईजी बताया था। प्रशांत ने रेस्टोरेंट मालिक को कहा- वह रात को फैमिली और दोस्तों के साथ यहां पर खाना खाने आएंगे। एडवांस के 3 हजार रुपए देकर प्रशांत और उनका बेटा क्षितिज शर्मा रेस्टोरेंट से चले गए।
इसके बाद देर शाम 7 बजे प्रशांत शर्मा 20 लोगों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा। रेस्टोरेंट के रूफटॉप पर जाने के बाद प्रशांत ने परिवार के साथ बैठकर शराब पीना शुरू कर दिया। इस पर रेस्टोरेंट स्टाफ ने फैमिली रेस्टोरेंट होने की बात कही। शराब पीना बंद करने के लिए कहा। इस पर प्रशांत शर्मा और उनका बेटा क्षितिज शर्मा स्टाफ से झगड़ा करने लगा। होटल मैनेजर ने बीच-बचाव कर सभी को खाने के लिए बैठा दिया।

प्रशांत बोला- वह डीआईजी है, इतने रुपए ही देगा

इसके बाद प्रशांत शर्मा और उनका बेटा खाने को लेकर वेटर पर कमेंट करने लगे। खाना खिलाने के बाद वेटर 13,904 रुपए का बिल लेकर प्रशांत के पास पहुंचा। प्रशांत ने वेटर को 5 हजार रुपए दिए। वेटर ने पूरे पैसा देने की बात कही। प्रशांत बोला- वह डीआईजी है। इतने रुपए ही देगा।

बेटे ने शुरू की थी तोड़फोड़

इस दौरान क्षितिज ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। क्षितिज ने शराब ज्यादा पी रखी थी। इसलिए परिवार ने उसे दूसरी कार से भेज दिया। इसके बाद होटल के पोर्च में प्रशांत और उसकी पत्नी ने होटल मालिक और उसकी पत्नी पूजा सोनी के साथ मारपीट की।

पीसीआर पहुंची तो उन्हें भी बोला था डीआईजी हूं

पूजा की सूचना पर वैशाली नगर थाने की पीसीआर पहुंची। पुलिस को देखकर प्रशांत ने उन्हें भी कहा- वह डीआईजी है। इसके बाद पुलिस ने उनका वीडियो बनाया और मौके से चली गई। पुलिसकर्मियों ने जाते-जाते कहा- अगर आपको कोई परेशानी हो तो थाने आ जाना, शिकायत दर्ज कर लेंगे। पीसीआर जाने के बाद प्रशांत ने दोबारा से झगड़ा शुरू कर दिया था। इसके बाद रेस्टोरेंट मालिक पत्नी के साथ वैशाली नगर थाने पहुंचा। प्रशांत शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दी।

सीसीटीवी चुरा ले गए थे

खुद को डीआईजी बताने वाला इंस्पेक्टर प्रशांत शर्मा रौब दिखाकर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर तक कब्जे में लेकर चोरी कर ले गया। मामला सामने आने के बाद गुरुवार देर रात इंस्पेक्टर प्रशांत शर्मा को सस्पेंड कर दिया गया।

क्या है मामला

दरअसल, 2 मार्च को जयपुर पुलिस में तैनात इंस्पेक्टर के बेटे ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी क्षितिज शर्मा ने युवक के सिर पर बैट से लगातार वार किए थे। इसके बाद परिवार की मदद से बॉडी को कार में रखकर ले गया था। घटना रजनी विहार पार्क के पास मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की थी। पुलिस ने क्षितिज को गिरफ्तार कर लिया था।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles