24.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कमला बेनीवाल का अंतिम संस्कार, मुख्यमंत्री शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष देवनानी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कमला बेनीवाल गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हुई। गुरुवार को लालकोठी स्थित शमशान घाट उनका अंतिम संस्कार किया गया। बेटे आलोक बेनीवाल ने चिता को मुखाग्नि दी। नम आंखों ने उन्हें विदाई दी।

अंतिम संस्कार से पहले उनके आवास पर पार्थिव देह को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया था, जहां पहुंचकर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सहित बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री और लालचंद कटारिया, आमेर विधायक प्रशांत शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आरआर तिवाड़ी, इंद्रराज गुर्जर और पूर्व विधायक महादेव खंडेला सहित कई जनप्रतिनिधि अंतिम संस्कार में शामिल हुए। 

पूर्व राज्यपाल और राजस्थान की पूर्व डिप्टी सीएम रहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कमला बेनीवाल (97) का बुधवार को निधन हो गया था। बुधवार दोपहर बाद उन्होंने जयपुर के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। जवाहर सर्किल के पास आवास पर आज खाना खाने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें फोर्टिस अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया।

कमला बेनीवाल के एक बेटा, चार बेटियां, एक पौत्री व एक पौत्र हैं। उनके बेटे आलोक बेनीवाल शाहपुरा से निर्दलीय विधायक रह चुके हैं। कमला बेनीवाल के निधन पर सीएम भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट, पूर्व मंत्री महेश जोशी, कांग्रेस नेता राजीव अरोड़ा सहित कई भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने शोक जताया है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने लाल कोठी शवदाह गृह पहुँचकर पूर्व राज्यपाल कमला के पार्थिव देह पर पुष्प माला अर्पित कर श्रद्धाजंलि दी। देवनानी ने डॉ. कमला के पुत्र पूर्व विधायक आलोक बेनीवाल को ढाढस बधाया।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि स्व. डॉ. कमला कुशल प्रशासक के साथ कुशल जन प्रतिनिधि थी। वे राज्य सरकार में उपमंत्री, राज्यमंत्री, मंत्री और उप मुख्यमंत्री रहीं। वे तीन राज्यों की राज्यपाल भी रही। राजनीति के क्षेत्र में उनका लम्बा अनुभव था। स्व. डॉ. कमला सात बार विधायक रही। राजस्थान विधानसभा की विभिन्न समितियों की वे सभापति और सदस्य भी रहीं। स्व. डॉ. कमला ने स्वतन्त्रता आन्दोलन में भी भाग लिया।

देवनानी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवारजन को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिये परम पिता परमेश्वर से प्रार्थना की है।

राजस्थान की पूर्व उप मुख्यमंत्री तथा गुजरात सहित अन्य प्रदेशों की पूर्व राज्यपाल स्व. श्रीमती कमला बेनीवाल के निधन पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने आज प्रातः उनके निवास स्थान पर पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

डोटासरा गुजरात सहित तीन प्रदेशों की राज्यपाल रही कमला बेनीवाल की अंत्येष्टि पर सरकार द्वारा राजकीय सम्मान प्रदान नहीं करने पर दर्ज कराई आपत्ति 

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा गुजरात सहित तीन प्रदेशों की राज्यपाल रही कमला बेनीवाल की अंत्येष्टि पर राजस्थान सरकार एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा राजकीय सम्मान प्रदान नहीं करने पर आपत्ति दर्ज करवाते हुए कहा कि स्व. श्रीमती कमला बेनीवाल राज्य की प्रथम महिला मंत्री रही है, साथ ही राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर उन्होंने कार्य किया किन्तु राजस्थान की भाजपा सरकार ने उनकी अंत्येष्टि पर राजकीय सम्मान प्रदान नहीं कर प्रदेश की जनता का अपमान किया है तथा संवैधानिक पद पर रहे व्यक्तियों की अंत्येष्टि पर राजकीय सम्मान प्रदान करने की परम्परा का उल्लंघन किया है। 

डोटासरा ने कहा कि गुजरात के पूर्व राज्यपाल पण्डित नवल किशोर शर्मा के निधन पर 08 दिसम्बर, 2012 को उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया तथा पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी ने पूर्व राज्यपाल स्व. शर्मा को आखिरी सलामी दी थी। उन्होंने कहा कि स्व. नवलकिशोर शर्मा के सम्मान में राजस्थान की सरकार ने दौसा के मेडिकल कॉलेज का नामकरण पं. नवलकिशोर शर्मा के नाम पर किया था। इसी प्रकार पूर्व उप राष्ट्रपति स्व. भैरोसिंह शेखावत के निधन पर भी उनका अंतिम संस्कार पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया गया था तथा तत्कालीन कांग्रेस की सरकार ने उनके स्मृति स्थल के निर्माण हेतु भूमि आवंटित की थी। 

डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने राजस्थान के महान नेताओं को आदर एवं सम्मान करने की परम्परा को नहीं निभाया है, यह निंदनीय है।   

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles