29.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

एनआईओएस में आयोजित हुई नराकास की 48वीं बैठक

नोएडा, 29 जनवरी। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान द्वारा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 48वीं बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक बुधवार को एनआईओएस के दिल्ली क्षेत्रीय केंद्र के कल्याण सिंह सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के नोएडा के सभी कार्यालयों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर दसवीं और बारहवीं कक्षा के हिंदी विषय में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। एनआईओएस ने मुख्यालय के साथ-साथ अपने सभी क्षेत्रीय केन्द्रों में भी हिन्दी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया है। गौरतलब है कि हाल ही में संस्थान के हैदराबाद क्षेत्रीय केंद्र को हिन्दी में सर्वश्रेष्ठ कार्य हेतु नराकास हैदराबाद द्वारा द्वितीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। राजभाषा संसदीय समिति द्वारा एनआईओएस के भारतीय ज्ञान परंपरा, नाट्यकला, योग और वैदिक गणित की पाठ्य सामग्री की सराहना की गई। कार्यक्रम में एनआईओएस का वृत्तचित्र भी प्रस्तुत किया गया जिसकी सराहना सभी अतिथियों ने की।
एनआईओएस के सचिव कर्नल शकील अहमद ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया और अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हिंदी हमारी राजभाषा है और इसका महत्व हमारे देश की एकता और अखंडता में अतुलनीय है। एनआईओएस अपने कार्यों में लगातार हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दे रहा है। हिंदी हमारे देश की संस्कृति और मूल्यों का संवर्द्धन करती है।भाषा सबसे मजबूत कड़ी है जो सभी को जोड़ती है।
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के सहायक निदेशक अजय कुमार चौधरी ने अपने उद्बोधन में नराकास की गतिविधियों को रेखांकित करने के साथ ही 48वीं बैठक से सम्बंधित वृत्त भी प्रस्तुत किया।
राजभाषा के हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर इस उत्सव में आशुतोष गौतम, सदस्य तकनीकी, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने बतौर मुख्य अतिथि अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्रीय कार्यालयों में नराकास के प्रयास से हिंदी के प्रति सजगता बढ़ी है और 4 नए कार्यालय से भी इससे जुड़े हैं। हिंदी की प्रगति रिपोर्ट भी ऑनलाइन भरी जा रही है जो सराहनीय है। हिंदी का सर्वाधिक प्रयोग ही इसकी प्रासंगिकता को बढ़ाएगा। आज तकनीक ने भी हिंदी के प्रयोग में सुगमता प्रदान की है। हमें अपने कार्यालयों में भी हिंदी के प्रति एक सहज माहौल बनाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में दीप स्तंभ और दीपपोत महानिदेशालय के महानिदेशक एन मुरुगानंद, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के सचिव कर्नल हर्षवर्धन, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की सदस्य सचिव डॉ. प्रज्ञा कांडपाल मंच पर उपस्थित रहीं।
नराकास की 48वीं बैठक में स्वरचित काव्य पाठ, राजभाषा सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता एवं प्रतिभा पुरस्कार के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में नराकास की ई पत्रिका नोएडा स्वर का विमोचन भी हुआ।
कार्यक्रम का संचालन एनआईओएस की हिन्दी अधिकारी एवं सदस्य सचिव, नराकास ने किया। कार्यक्रम में औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन शैक्षिक विभाग के उप निदेशक ने किया। कार्यक्रम में एनआईओएस एवं नराकास के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles