35.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा: राजस्थान में रेलवे परियोजनाओं के पूरा होने से यात्री सुविधाओं का होगा विस्तार, अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशन बनेंगे आधुनिक: भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में भारतीय रेल के संचालन से प्रतिदिन लाखों यात्रियों को सुगम यात्रा उपलब्ध होती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में रेल विकास नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि विगत 10 वर्षों में प्रधानमंत्री ने राजस्थान के लिए अनेक रेल विकास परियोजनाओं की सौगात दी है, जिनके निरंतर मूर्त रूप लेने से प्रदेश में रेलवे सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री शर्मा गुरूवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राजस्थान राज्य में रेलवे परियोजनाओं के संबंध में समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग व उत्तर-पश्चिम रेलवे के अधिकारियों से रतलाम-डूंगरपुर वाया बांसवाड़ा नई रेल लाइन परियोजना एवं देवगढ़-हरिपुर/बर नई रेल लाइन परियोजना की वस्तुस्थिति को जाना। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को इन दोनों परियोजनाओं पर वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखकर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में उत्तर-पश्चिम रेलवे और संबंधित जिला कलक्टर्स को राज्य में रेलवे लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण संबंधी सभी परियोजनाओं को आपसी समन्वय से जल्द पूरा करने एवं प्रतिदिन इस कार्य की मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री शर्मा ने राजस्थान को फाटक मुक्त प्रदेश बनाने के लिए निर्माणाधीन आरयूबी और आरओबी के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जेडीए जयपुर रिंग रेल कॉरिडोर के कार्य में तीव्रता लाए एवं रेलवे अधिकारी जयपुर रेलवे स्टेशन पर प्रवेश को सुविधाजनक बनाने हेतु भविष्य में यात्रीभार को ध्यान में रखकर ही निर्माण कार्य करें। उन्होंने परिवहन विभाग को रेलवे स्टेशन से यात्रियों के लिए परिवहन सेवा का विस्तार करने के लिए निर्देशित किया। श्री शर्मा ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के अधिकारियों को प्रदेश में चल रहे रेलवे लाइन के विद्युतीकरण कार्य में हरसंभव मदद के लिए आश्वस्त किया।

अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशनों का होगा आधुनिकीकरण-

मुख्यमंत्री शर्मा ने समीक्षा बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत राजस्थान के चयनित रेलवे स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर ही इन कार्यों को पूरा किया जाए तथा विशेष रूप से सुगम पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में नए रेल लाइन प्रोजेक्ट्स, रेलवे लाइनों का दोहरीकरण एवं गेज कनवर्जन प्रोजेक्ट्स की भी जानकारी ली।

सांगानेर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास-

मुख्यमंत्री शर्मा ने सांगानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को प्रजेंटेशन के जरिये समझा एवं कार्ययोजना बनाकर इस कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जयपुर कलक्टर इस स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि अधिग्रहण से लेकर अन्य सभी महत्वपूर्ण कार्यों में तीव्रता लाएं। उन्होंने इस कार्य हेतु जिम्मेदार अधिकारी की नियुक्ति करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक सप्ताह सभी संबंधित विभागों से इस कार्य की मॉनिटरिंग हेतु बैठक करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप मुख्यमंत्री (परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग) डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) शिखर अग्रवाल, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) आलोक गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा आलोक, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण श्रीमती अपर्णा अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण संदीप वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव परिवहन श्रीमती श्रेया गुहा, प्रमुख शासन सचिव राजस्व एवं उपनिवेशन दिनेश कुमार, जेडीए आयुक्त श्रीमती मंजू राजपाल, शासन सचिव जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी डॉ. समित शर्मा, उत्तर-पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ सहित अन्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही, जिला कलक्टर्स भी वीसी के माध्यम से जुडे़।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles