31.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, 2 जवान घायल

कांकेर/गढचिरौली। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच पांच घंटे तक चली मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए हैं। वहीं इस मुठभेड़ में गोली लगने से दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर महाराष्ट्र के गढचिरौली मुख्यालय लाया गया है। पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है और सभी थानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में डीवीसी लेवल के हार्डकोर नक्सली मारे गए हैं। नक्सलियों के शवों के साथ-साथ बेहद घातक हथियार सुरक्षा बल के जवानों ने बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों पर महाराष्ट्र शासन की ओर से 51 लाख का इनाम घोषित था। वहीं घायल जवानों को छत्तीसगढ़ पुलिस की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से बांदे लाया गया। जहां से हेलीकाप्टर से उचित इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

महाराष्‍ट्र के नक्‍सल प्रभावित गढ़चिरौली के पास पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। नक्‍सलियों और पुलिसवालों के बीच तकरीबन पांच से छह घंटे तक मुठभेड़ चली। भीषण मुठभेड़ में पुलिस ने 12 नक्‍सलियों को ढेर कर दिया। कुछ नक्‍सलियों के मौके से भागने की भी सूचना है।

गौरतलब है कि छत्‍तीसगढ़ की सीमा से लगते गढ़चिरौली के घने और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्‍सली सक्रिय रहते हैं। नक्‍सली अक्‍सर घने जंगलों का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। कई बार देखा गया है कि नक्‍सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद जंगल क्षेत्र होते हुए छत्तीसगढ की सीमा में भी प्रवेश कर जाते हैं, ऐसे में उन्‍हें दबोच पाना कई बार मुश्किल हो जाता है।


गढ़चिरौली में पुलिस-नक्‍सली मुठभेड़ में दो जवानों को भी गोली लगने की बात सामने आई है। घायल दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर शिफ्ट किया गया। जानकारी के अनुसार दोनों अब खतरे से बाहर हैं।

हाल फिलहाल के दिनों में गढ़चिरौली में नक्‍सलियों के खिलाफ पुलिस को मिली यह बड़ी सफलता है। जवानों ने मुठभेड़ स्‍थल से बड़ी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया है। सात ऑटोमैटिक राइफल के साथ ही तीन एके-47 भी जब्‍त की गई है। बता दें कि यह मुठभेड़ छत्तीसगढ़ के कांकेर और महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की सीमा पर हुई है।

गढ़चिरौली में नक्‍सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी के बाद महाराष्‍ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने मुठभेड़ टीम में शामिल जवानों के लिए बड़ी घोषणा की है। उन्होंने मुठभेड़ में 12 नक्‍सलियों को मार गिराने वाले पुलिसकर्मियों को 51 लाख रुपए बतौर इनाम देने का ऐलान किया है। जानकारी के अनुसार मुठभेड़ बुधवार दोपहर बाद शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक चलती रही। इसमें पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

उल्लेखनीय है कि इस साल मार्च में भी गढ़चिरौली में बड़ा मुठभेड़ हुआ था। मुठभेड़ में चार नक्सली मारे गए थे। महाराष्‍ट्र पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक बड़ा नक्सल ग्रुप लोकसभा चुनावों में बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए गढ़चिरौली के जंगलों में छिपा है। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल सी-60 कमांडो और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कमांडो ने जंगली इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया था। काफी देर देर तक नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ चला था। बाद में पुलिस ने मौके से चार नक्सलियों के शव बरामद किए थे। उस समय भी पुलिस ने नक्सलियों के पास से एके 47 राइफल समेत कई हथियार बरामद किए थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles