20.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

गोगामेड़ी की हत्या करने वाला शूटर भूख हड़ताल पर:बोला- भरतपुर जेल में मन नहीं लग रहा, दूसरी जगह शिफ्ट कर दो

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या करने वाला शूटर 6 दिन से भूख हड़ताल पर है। शूटर रोहित राठौड़ भरतपुर सेंट्रल जेल, सेवर में बंद है। वह दूसरी जेल में शिफ्ट करने की मांग कर रहा है। रोहित को राज बहादुर मेमोरियल (आरबीएम) हॉस्पिटल के जेल वार्ड में रखा गया है। उसने खाना खाने से मना कर दिया है।

रोहित के 6 दिन से भूखे रहने से जेल प्रशासन काफी परेशान है। जेल अधीक्षक परमजीत सिंह ने जेल विभाग को इसकी जानकारी दी है। हालांकि इस विषय को लेकर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

जेल प्रशासन का कहना है कि रोहित को 19 मई 2024 को अजमेर जेल से भरतपुर जेल शिफ्ट किया गया था। इसके बाद से वह आराम से जेल में रह रहा था। अब उसका कहना है कि यहां पर उसका मन नहीं लग रहा है, इसलिए दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाए।

शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी ने 5 दिसंबर 2023 को गोगामेड़ी को जयपुर के श्याम नगर स्थित उनके घर में घुसकर गोली मारी थी।

जेल अधीक्षक बोले- हॉस्पिटल में भर्ती कराया

भरतपुर सेंट्रल जेल अधीक्षक परमजीत सिंह ने बताया- रोहित राठौड़ को कोर्ट के आदेश पर राज बहादुर मेमोरियल (आरबीएम) हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिया गया है। उसकी तबीयत जेल में रहने के दौरान ठीक थी। वह इस जेल से दूसरी जेल में जाने की मांग कर रहा है। सीनियर अधिकारियों को इसे लेकर जानकारी दे दी गई है। वहां से जो भी आदेश होंगे, उसके अनुसार कार्यवाही करेंगे।

समझाने की कोशिश कर रहे

जेल प्रशासन का कहना है कि जेल के नियमों के अनुसार कैदी को कई अधिकार हैं। इसे लेकर सीनियर अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है। हालांकि उसकी तबीयत ठीक है। उसे समझाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। अगर कैदी नहीं मानता तो जेल नियमों के अनुसार डॉक्टर की सलाह पर उसे फोर्स फीडिंग कराए जाने का भी प्रावधान है।

अजमेर जेल में लॉरेंस के गुर्गे अधिक होने पर किया था शिफ्ट

9 दिसंबर 2023 को गिरफ्तारी के करीब 10 दिन बाद रोहित राठौड़ और नितिन फौजी को अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में रखा गया था। अजमेर जेल में लॉरेंस के गुर्गे अधिक होने पर गोगामेड़ी को गोली मारने वाले रोहित राठौड़ को अलग रखने का फैसला लिया गया था।

ये लोग हाई सिक्योरिटी जेल के अंदर मोबाइल मंगवाकर व्यापारियों से रंगदारी मांग रहे थे। जयपुर की चित्रकूट थाना पुलिस ने ऐसे कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किया था।

आर्मी में थे रोहित के पिता

रोहित एक नाबालिग से रेप मामले में कई साल तक जेल में रहा था। गोगामेड़ी की हत्या से तीन साल पहले ही जमानत पर छूटा था। वह आर्म्स एक्ट में भी गिरफ्तार हुआ था।

उसके पिता गिरधारी सिंह राठौड़ आर्मी में थे। रिटायर होने के बाद गिरधारी सिंह RTO में नौकरी करते थे। करीब दो साल पहले उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

रोहित का परिवार मूलत: जूसरी (मकराना) का रहने वाला है। करीब 30 साल से परिवार जयपुर में झोटवाड़ा के जसवंत नगर में रह रहा है। रोहित की एक बड़ी बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है।

हॉल में थे 5 लोग; 2 बदमाशों ने फायरिंग की, 15 से ज्यादा गोलियां चलीं

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या और उसके बाद के तीन CCTV फुटेज सामने आए थे। हॉल में गोगामेड़ी समेत पांच लोग थे। दो शूटर रोहित राठौड़ और नितिन फौजी ने फायरिंग की थी। उन्होंने 15 से ज्यादा गोली चलाई थीं।

पहले फुटेज में बदमाश हत्या करते दिख रहे थे। दूसरे में घर के बाहर फायरिंग हो रही थी। इसमें गोगामेड़ी के गार्ड की तरफ से भी क्रॉस फायरिंग की गई। वहीं, तीसरे फुटेज में दोनों बदमाश हत्या के बाद सड़क पर भागते दिख रहे थे।

पहला CCTV फुटेज

इसमें दिख रहा है कि तीन लोग गोगामेड़ी के साथ हॉल में बैठे थे और एक खड़ा था। हॉल में बैठकर बात करने के 7 मिनट बाद एक बदमाश सोफे से उठा और गोगामेड़ी के सिर पर शूट किया। गोगामेड़ी के पास सोफे पर नवीन शेखावत भी बैठा हुआ था, जो फायर करने वाले दोनों बदमाशों को लेकर आया था। एक बदमाश ने उस पर भी फायर कर दिया। फायरिंग होते ही हॉल में खड़ा युवक (पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड) भागने लगा तो एक बदमाश ने उसको भी गोली मार दी। बदमाशों ने अंधाधुंध 15 से ज्यादा राउंड फायर किए।

दूसरा CCTV फुटेज

दूसरे CCTV फुटेज में दिख रहा है कि कमरे में जब बदमाश लगातार फायर कर रहे थे, उस समय बाहर हथियार लेकर सुखदेव सिंह के सिक्योरिटी गार्ड खड़े थे। बदमाश जब फायरिंग कर बाहर आने लगे तो कोने में खड़े एक गार्ड ने फायर किया। फायरिंग की आवाज सुनकर वहां मौजूद कुछ लोग भाग गए। इसके बाद बदमाश भी मौके से फरार हो गए।

तीसरा CCTV फुटेज

तीसरे CCTV फुटेज में दोनों बदमाश सड़क पर भागते नजर आ रहे हैं। दोनों बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर पहले एक कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन कार सवार गाड़ी लेकर भाग निकला। इसके बाद बदमाशों ने एक स्कूटी सवार को रोक लिया। फिर वे स्कूटी लेकर भाग निकले।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles