21.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

देश को आगे ले जाने में शेखावाटी का महत्वपूर्ण योगदान-राज्यपाल राज्यपाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के संविधान पार्क का किया लोकार्पण

राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि देश की प्रगति में शेखावाटी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की इस प्रतिष्ठित एवं वीरों की भूमि शेखावाटी अंचल का अपना एक विशिष्ट स्थान है। शेखावाटी की वीर भूमि से देश की रक्षा करते हुए सर्वाधिक सैनिक शहीद हुए हैं। ये अंचल जिसने देश को अनेक ऐसे सपूत दिये हैं जिन्होंने व्यवसाय और उद्योग के क्षेत्र में भारत को बुलंदियों पर पहुंचाया है। इतना ही नहीं यह क्षेत्र धन कुबेरों के साथ सरस्वती की उपासना का भी एक प्रतिष्ठित केन्द्र रहा है, जहां स्वतंत्रता के पश्चात से ही अनेक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान स्थापित हुए और जिनसे निकले विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर शेखावाटी क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 

राज्यपाल शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के संविधान पार्क, विधि भवन, मुख्य द्वार एवं जलपान गृह का लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। 

राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि आजादी के 76 वर्ष के इस काल में हमारे देश ने अपने वीर जवानों, तकनीकी विशेषज्ञों, उद्यमियों और समर्पित युवा पीढ़ी के अथक प्रयासों से विश्व में भारत को उच्च शिखर पर स्थापित किया है जिस पर हम सभी को गर्व है। आज हमारी अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवीं सर्वोच्च अर्थव्यवस्था है और इसी प्रकार हम तरक्की की राह पर अग्रसर रहे तो वो दिन दूर नहीं जब भारत विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगा। 

राज्यपाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर की स्थापना वर्ष 2012 में हुई तथा इस अल्प काल में विश्वविद्यालय ने अपनी एक विशेष पहचान स्थापित की है। राज्यपाल ने कहा कि नई शिक्षा नीति में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के वैकल्पिक साधनों की तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए ई-शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस के लिए डिजिटल अवसंरचना, डिजिटल कंटेंट और क्षमता निर्माण के उद्देश्य से नई शिक्षा नीति में पृथक से प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि बदलती वैश्विक परिस्थितियों के दृष्टिगत हमारे लिए भी अपनी शिक्षा पद्धति को नये कलेवर में प्रस्तुत करना अपरिहार्य हो गया है ताकि हमारे नवयुवक भी वैश्विक बाजार में प्रतियोगिता में अपना विशिष्ट स्थान बना सके।

राज्यपाल ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर द्वारा अपने परिसर में संविधान पार्क की स्थापना की है। विश्वविद्यालयों में संविधान वाटिका की स्थापना के पीछे मंशा यही है कि विद्यार्थियों को संवैधानिक जागरूकता के साथ ही भारतीय संविधान की उद्देशिका, मूल अधिकारों और कर्तव्यों , समानता, न्याय आदि के सिद्धान्तों के आदर्शो को अपने जीवन में उतार सके। 

 

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles