प्रदेश भर के 108 और 104 एम्बुलेंस कर्मचारियों ने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए बुधवार को स्वास्थ्य भवन पर प्रदर्शन किया। इस मौके पर राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि राज्य बजट घोषणा वर्ष 2025-26 के तहत प्लेसमेंट एजेंसी की ओर से लगाए गए ठेकाकर्मियों को संविदा पर नियोजित किए जाने की व्यवस्था को चरणबद्ध रूप से समाप्त किया जाना था।
साथ ही कार्मिक विभाग के अधीन राजकीय संस्था का गठन किए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन इसे लेकर कोई भी कार्रवाई अभी तक शुरू नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कार्मिक विभाग की ओर से 25 अप्रैल को आदेश अनुसार सरकार के सभी विभागों की ओर से उनके अधीन लगे हुए प्लेसमेंट-ठेकाकर्मी के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों की सूचना मंगवाकर कार्मिक विभाग तक भिजवाई जा रही है।
शेखावत ने बताया कि आज सभी कर्मचारियों ने स्वास्थ्य भवन पर धरना दिया जा रहा है। आगे प्रदेश के सभी जिलों के यूनियन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी और आगे की रणनीति बनाई जाएगी। इसके बाद भी यदि सरकार मांगे नहीं मानती है तो पूरे प्रदेश में एंबुलेंस सेवा बंद कर दी जाएगी।


