राजस्थान की भजनलाल सरकार ने शनिवार को ब्यूरोक्रेसी में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। भजनलाल सरकार ने 91 आईपीएस, 12 आईएएस और 133 आरएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसको लेकर कार्मिक विभाग ने आदेश जारी किया है। बता दें कि लंबे समय से सरकार में उच्च स्तर पर मंथन चल रहा था लेकिन अब जाकर तबादला सूची जारी कर दी गई है।
कार्मिक विभाग द्वार जारी आदेश के अनुसार, कुल 91 आईपीएस, 12 आईएस औऱ 133 आरएएस अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है। वहीं भजनलाल सरकार ने आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची के जरिए 13 आईजी, 26 डीआईजी और 31 जिलों में एसपी बदल दिए हैं। इसके अलावा आरएएस अफसरों की तबादला सूची में भी 115 एसडीएम बदल डाले हैं।

बता दें कि श्रीगंगानगर के एसपी गौरव यादव को सीएम सिक्योरिटी का जिम्मा दिया गया था लेकिन अब उन्हें उदयपुर रेंज आईजी लगाया गया है। इसे बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री के खास माने जाने वाले भरतपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश को वापस जयपुर लाया गया, उन्हें जयपुर रेंज आईजी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के समय से बीकानेर रेंज आईजी का जिम्मा संभाल रहे ओमप्रकाश को नजदीकी जिले जोधपुर का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है।


