जयपुर के सी-स्कीम स्थित एरीना एनीमेशन में एक ख़ास मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के ब्रांड एम्बेसेडर और डिजिटल डिप्लोमेट्स डॉ. डी.पी. शर्मा, तथा मोटिवेशनल गुरु पी.एम. भारद्वाज ने शिरकत की।कार्यक्रम की शुरुआत एरीना एनीमेशन की डायरेक्टर रोलिका सिंह ने मेहमानों का स्वागत गुलदस्ता और दुपट्टा भेंट कर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. डी.पी. शर्मा ने कहा कि आज का युग तकनीक और नवाचार का युग है। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि सिर्फ पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि रिसर्च बेस्ड काम करने की आदत डालें। उन्होंने जोर दिया कि बच्चे ऐसे कामों की ओर आगे कदम बढ़ाएं जिन्हें पहले कभी किसी ने भी नहीं किया हो। डॉ. शर्मा ने कहा- आज के बच्चों के पास अपार संभावनाएं हैं। यदि वे अपनी मेहनत और क्रिएटिविटी को सही दिशा में लगाएं तो इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना सकते हैं। दुनिया भर में ऐसी कई कंपनियां और संस्थान मौजूद हैं जो प्रतिभा को निखारकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्लेटफॉर्म प्रदान करती हैं। इसके लिए बस अपने भीतर छिपे हुनर को पहचानने और उसे तराशने की जरूरत है।

मोटिवेशनल गुरु पी.एम. भारद्वाज ने भी छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि भारत का बच्चा जन्म से ही प्रतिभावान होता है। जरुरत है सिर्फ उस प्रतिभा को पहचानने और पॉलिश करने की। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे चुनौतियों से डरने के बजाय उनका सामना करें और अपनी एनर्जी को सकारात्मक दिशा में ही इस्तेमाल करें। भारद्वाज ने कहा कि, भारत का युवा आज अपनी क्षमता और कौशल का सही इस्तेमाल करें तो उसके लिए कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होगा क्योंकि हर बच्चे के अंदर कुछ न कुछ विशेष क्वालिटी है। इसे निखारने के लिए पेरेंट्स और शिक्षकों को भी जिम्मेदारी समझनी होगी। एरीना एनीमेशन की डायरेक्टर रोलिका सिंह ने कहा कि उनके संस्थान का उद्देश्य सिर्फ टेक्नोलॉजी का ज्ञान देना नहीं बल्कि छात्रों को जीवन में सही दिशा भी दिखाना है।


