जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को कानोता थाने के सहायक उप निरीक्षक (ASI) बने सिंह को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसी़बी जयपुर नगर प्रथम, जयपुर ईकाई को एक शिकायत मिली कि कानोता जयपुर थाने में ASI बने सिंह द्वारा परिवादी द्वारा पुलिस थाना कानोता में दर्ज करवाये गये परिवाद पर विपक्षी पार्टी को पाबन्द कराने के लिए तथा विपक्षी पार्टी द्वारा परिवादी के खिलाफ दिये गये परिवाद को फाइल कराने की एवज में रिश्वत राशि की मांग कर रहा था। वहीं परिवादी को परेशान किया जा रहा है।
शिकायत मिलने के बाद जयपुर एसीबी टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद डीआईजी आनंद शर्मा के सुपरविजन में एएसपी भूपेंद्र के नेतृत्व में ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम देने के लिए जाल बिछाया। एसीबी टीम ने आरोपी को थाने में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।


