बांसवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को बांसवाड़ा पहुंचकर राजस्थान में 1.08 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें सबसे बड़ी परियोजना माही बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना शामिल है, जो ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके अलावा, पीएम मोदी बीकानेर-जोधपुर से दिल्ली तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन और उदयपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, इस दौरान अन्य राज्यों की परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
22 महीने में 16वां राजस्थान दौरा
पीएम मोदी 25 सितंबर को बांसवाड़ा दौरे पर रहेंगे, 22 माह में 16वां राजस्थान दौरा। 15 दिसंबर 2023 को भजनलाल शर्मा के सीएम बनने के बाद से मोदी प्रदेश में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने शपथ समारोह में भाग लिया था। 8 बार वे चुनावी सभाओं और 7 बार प्रशासनिक व विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हुए। अगस्त 2024 में जोधपुर में हाईकोर्ट की प्लेटिनम जुबली में उन्होंने ई समन वारंट के लिए ई-सेवा त्वरित ऐप लॉन्च किया। दिसंबर में राइजिंग राजस्थान और ईआरसीपी के पहले फेज का शिलान्यास किया। मई 2025 में बीकानेर दौरा ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला था।
इनका पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास
- माही बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना – 2800 मेगावाट, लागत 42,000 करोड़ रुपए।
- बीकानेर जिले में अक्षय ऊर्जा परियोजना – 590 मेगावाट, लागत 8,500 करोड़ रुपए।
- जैसलमेर, बाड़मेर, सिरोही, नागौर और बीकानेर में विद्युत प्रसारण लाइन – 15.5 गीगावाट क्षमता, लागत 13,183 करोड़ रुपए।
- बांसवाड़ा, उदयपुर, डूंगरपुर, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, बाड़मेर, दौसा, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा और सीकर में 15 पेयजल परियोजनाएं – लागत 5,884 करोड़ रुपए।
- भरतपुर में 2 लाईओवर, बनास नदी पर पुल निर्माण और 119 अटल प्रगति पथों का निर्माण – लागत 878 करोड़ रुपए।
- बीकानेर और जैसलमेर में 220 केवी के 3 जीएसएस और संबंधित लाइनों का कार्य – लागत 348 करोड़ रुपए।
इनका होगा लोकार्पण
1- 1400 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाओं एवं 925 मेगावाट का नोख सोलर पार्क, फलौदी (10710 करोड़ रुपए)।
2- पीएम कुसुम-सी के तहत 895 मेगावाट के विकेन्द्रीकृत सौर ऊर्जा संयंत्र (3,132 करोड़ रुपए)।
3- ईसरदा बांध, धौलपुर लिट, बत्तीसानाला एवं अन्य सिंचाई परियोजनाओं के कार्य (2,365 करोड़)।
4- बाडमेर, अजमेर, ब्यावर, डूंगरपुर, भर्तृहरि नगर, बांसवाड़ा, राजसमन्द, उदयपुर जिलों में 7 सड़कों के कार्य (1.758 करोड़ रुपए)।
5- बाड़मेर जिले में 220 केवी जीएसएस व लाईन निर्माण (142 करोड़ रुपए)।
6- डीडवाना-कुचामन में सीवरेज एवं झुंझुनूं में सीवरेज व जल प्रदाय परियोजना का कार्य (226 करोड़)।
7- आइ.टी. डवलपमेन्ट एण्ड ई-गवर्नेन्स सेन्टर (140 करोड़ रुपए) भरतपुर में आरबीएम चिकित्सालय में 250 बैडेड अस्पताल (128 करोड़)।


