बारां। राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव आयोग ने 11 नवंबर 2025 को इस सीट पर मतदान कराने का फैसला किया है, जबकि नतीजों की घोषणा 14 नवंबर को की जाएगी। राजनीतिक दल भी इस सीट के लिए सक्रिय हो गए हैं और अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। चुनाव आयोग ने 1 अक्टूबर 2025 को अंता विधानसभा सीट की फाइनल वोटर लिस्ट जारी की थी, जिसमें 1136 नए मतदाता जुड़े हैं। इस बार बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।
बिहार में भी विधानसभा चुनाव के तैयारियां तेज
बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को होगा। बिहार के अलावा देश के आठ अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी उपचुनाव होंगे। सभी चुनावों के नतीजे 14 नवंबर को एक साथ घोषित किए जाएंगे।
अंता विधानसभा सीट क्यों खाली हुई?
अंता विधानसभा सीट 1 मई 2025 से खाली है। इस सीट के पूर्व विधायक बीजेपी के कंवरलाल मीणा थे, जिनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। कंवरलाल मीणा पर 2005 के उपसरपंच चुनाव के दौरान SDM पर पिस्तौल तानने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप थे। इस मामले में उन्हें तीन साल की सजा हुई थी। सुप्रीम कोर्ट में उनकी अपील खारिज हो गई और इसके बाद उन्होंने मनोहर थाना कोर्ट में सरेंडर किया। इसी वजह से उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई। हालांकि कंवरलाल मीणा ने राज्यपाल के पास सजा माफी के लिए दया याचिका भी दायर की थी, लेकिन कानूनी अड़चनों के कारण अब चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा कर दी है।


