क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ बच्चों के नाम सुझाकर कोई लाखों कमा सकता है? अमेरिका की टेलर हम्फ्री ने इसी विचार को हकीकत बना दिया है। वह अमीर परिवारों और सेलिब्रिटीज के बच्चों के लिए यूनिक नाम सुझाती हैं, और इस काम के लिए 200 डॉलर से लेकर 30,000 डॉलर (करीब ₹25 लाख) तक की फीस लेती हैं
100 डॉलर से शुरू हुआ नामकरण का सफर
टेलर ने यह अनोखा बिजनेस साल 2018 में सिर्फ 100 डॉलर की फीस से शुरू किया था। लेकिन एक डिनर पार्टी में वेंचर कैपिटलिस्ट्स की सलाह और फिर एक मैगजीन में छपी एक स्टोरी ने उनकी किस्मत ही बदल दी। देखते ही देखते उनके पास हाई-प्रोफाइल क्लाइंट्स की लाइन लग गई।
नामकरण नहीं, अब ब्रांडिंग सर्विस
टेलर के छोटे पैकेज में ईमेल से नामों के सुझाव दिए जाते हैं, जबकि बड़े पैकेज में पैरेंट्स की फैमिली हिस्ट्री, कल्चर, और भविष्य की ब्रांडिंग तक पर काम होता है। इतना ही नहीं, कई बार वह माता-पिता के बीच नाम को लेकर होने वाले झगड़े भी सुलझाती हैं।
500+ बच्चों के नाम, लाखों फॉलोअर्स
अब तक टेलर 500 से ज्यादा बच्चों का नामकरण कर चुकी हैं और उनके सोशल मीडिया पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनका बिजनेस इस बात का संकेत है कि अमेरिका के अमीर और शहरी वर्ग के बीच पर्सनल ब्रांडिंग का चलन अब जन्म से ही शुरू हो चुका है।
नामकरण अब निजी नहीं, ‘प्रीमियम सर्विस‘ बन गया है
टेलर हम्फ्री की कहानी यह दिखाती है कि कैसे पश्चिमी समाज में पारंपरिक और निजी माने जाने वाले फैसले भी अब आउटसोर्सिंग और प्रोफेशनल सर्विस की शक्ल ले चुके हैं। सैन फ्रांसिस्को जैसे शहरों में अब लोग नामकरण जैसे फैसले भी “इनोवेशन और एक्सपर्टाइज” से लेना पसंद कर रहे हैं।


