29.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

जयपुर-अजमेर हाईवे पर सिलेंडर ब्लास्ट के बाद ट्रैफिक जाम, सड़क पर मचा कोहराम!

जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात एक भयंकर एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हादसा हुआ, जिसके बाद बुधवार सुबह तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए। गिदानी से सावरदा तक हाईवे पर करीब 2 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। वहीं अजमेर से जयपुर की ओर दूदू से 5 किलोमीटर तक वाहन फंसे हुए हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू करने में जुटे हैं। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी जल्द ही पहुंचकर जांच शुरू करेगी।

सुबह 7 बजे तक 20 किलोमीटर लंबा जाम

हादसे के तुरंत बाद रातभर प्रशासन ने कड़ी मशक्कत की और अधिकांश ट्रैफिक को नासनोदा से मौजमाबाद होते हुए डायवर्ट कर दिया। इस वजह से ट्रैफिक जाम 20 किलोमीटर से घटकर अब 2 से 5 किलोमीटर के बीच सीमित रह गया है। हालांकि, ये 2 किलोमीटर का जाम अभी भी सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

केमिकल टैंकर और एलपीजी ट्रक की टक्कर से भयानक हादसा

मौजमाबाद के पास दूदू इलाके में एक तेज रफ्तार केमिकल टैंकर ने हाईवे किनारे खड़े एलपीजी सिलेंडर ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई और सिलेंडरों में लगातार जोरदार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि सिलेंडर 200 मीटर दूर तक उछलकर गिरे। आसपास का इलाका अफरातफरी में डूब गया।

डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा पहुंचे मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीम के साथ डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी घटना स्थल पर पहुंचे। इस हादसे में एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि मृतक के शव के अवशेष मोर्चरी भेजे गए हैं और एफएसएल जांच के बाद ही उसकी पहचान सुनिश्चित की जाएगी। एक घायल व्यक्ति सद्दाम को दूदू से भांकरोटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, जयपुर ग्रामीण के मोजमाबाद थाना क्षेत्र में जयपुर–अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में आग लगने की दुर्घटना अत्यंत दुखद है। घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड एवं आपदा प्रबंधन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार तथा प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस हृदयविदारक घटना से प्रभावित सभी नागरिकों की सुरक्षा और कुशलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles