अक्टूबर का महीना राजस्थान में यात्रा के लिए सबसे बेहतरीन समयों में से एक माना जाता है। इस महीने न ज्यादा गर्मी होती है, न ही कड़ाके की ठंड — मौसम एकदम सुहावना और ट्रैवल फ्रेंडली होता है। इस बार दिवाली अक्टूबर में पड़ रही है और त्योहार के चलते कई लोगों को 3 से 4 दिन की छुट्टी मिलने की संभावना है। ऐसे में अगर आप राजस्थान आने का सोच रहे है तो यही सही मौका है।
1. जयपुर
शाही महलों, किलों और रंग-बिरंगे बाजारों के लिए मशहूर जयपुर अक्टूबर में घूमने के लिए एकदम मुफ़ीद है। मौसम हल्का ठंडा होता है और घूमने में कोई दिक्कत नहीं होती। यहां आप कई जगहें घूम सकते है। यहां आप कई जगहों का दीदार कर सकते हैं जैसे- हवामहल, नाहरगढ़ किला, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, जंतर-मंतर, आमेर किला, जयगढ़ किला।

2. उदयपुर, झीलों की रॉयल नगरी
राजस्थान का उदयपुर, जिसे ‘झीलों का शहर’ कहा जाता है, सर्दियों के मौसम में अपनी शाही खूबसूरती और प्राकृतिक सौंदर्य से और भी ज़्यादा आकर्षक हो जाता है। ठंडी हवाओं के बीच झीलों का शांत किनारा और महलों की भव्यता हर सैलानी का दिल जीत लेती है। यहां की पिछोला झील के किनारे टहलना या नाव की सैर करना, एक सुकून देने वाला अनुभव होता है। झील के बीच बने जग मंदिर और लीला पैलेस का नज़ारा postcard जैसा दिखता है।

सिटी पैलेस की भव्य संरचना, राजसी दरबार और संग्रहालय उदयपुर की शाही विरासत को बयां करते हैं। वहीं, सज्जनगढ़ पैलेस जिसे मॉनसून पैलेस भी कहा जाता है, वहां से दिखने वाला सूर्यास्त का दृश्य वाकई दिल चुराने वाला होता है। उदयपुर की हरियाली भी सर्दियों में निखर उठती है। सहेलियों की बाड़ी जैसे हरे-भरे बगीचे सुकून और फोटोजेनिक स्पॉट्स दोनों के लिए परफेक्ट हैं। इस मौसम में न तो ज्यादा गर्मी होती है और न ही चुभने वाली ठंड, जिससे यह जगह हनीमून कपल्स, फैमिली ट्रैवलर्स और सोलो ट्रिपर्स के लिए बेस्ट बन जाती है।
3. पुष्कर
राजस्थान का पुष्कर, अपनी आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सुंदरता के लिए दुनियाभर में मशहूर है। सर्दियों में जब मौसम सुहावना होता है, तब पुष्कर का शांत वातावरण यात्रियों को एक अलग ही सुकून का अनुभव देता है। यहां स्थित पुष्कर झील के चारों ओर बने 52 घाटों पर बैठकर सूर्योदय या सूर्यास्त देखना मन को शांत कर देने वाला अनुभव है। झील में डुबकी लगाने और घाटों पर होने वाली आरतियों की आवाज़ पूरे माहौल को आध्यात्मिक बना देती है।
पुष्कर में स्थित ब्रह्मा मंदिर, दुनिया का एकमात्र प्रमुख ब्रह्मा मंदिर माना जाता है, जो श्रद्धालुओं के बीच अत्यंत पूजनीय है। यहां के स्थानीय बाजार भी किसी आकर्षण से कम नहीं हैं। पारंपरिक कपड़े, हस्तशिल्प, चूड़ियां, किताबें और तरह-तरह की चीज़ें खरीदने के लिए यह बाजार पर्यटकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। सर्दियों में पुष्कर में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम और मेलों का आयोजन भी होता है, जो आपकी यात्रा को और भी यादगार बना सकता है।
4. ‘गोल्डन सिटी’ में रेत, किले और रोमांच का संगम
राजस्थान की ‘गोल्डन सिटी’ जैसलमेर सर्दियों में घूमने के लिए एक शानदार डेस्टिनेशन है। थार रेगिस्तान के बीच बसा यह ऐतिहासिक शहर अपनी पीली बलुआ पत्थर की इमारतों, राजसी किलों और रोमांचक रेत के अनुभवों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यहां का मुख्य आकर्षण है जैसलमेर किला, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों में शामिल है। यह किला सूरज की रोशनी में सोने जैसा चमकता है और इसलिए इसे ‘गोल्डन फोर्ट’ भी कहा जाता है।
सर्दियों के दौरान आप थार रेगिस्तान में ऊंट की सवारी का आनंद ले सकते हैं। रेत के टीलों के बीच सूरज ढलने का नज़ारा और तारों भरे आसमान के नीचे डेजर्ट कैंपिंग का अनुभव, जीवनभर याद रहने वाला होता है। इसके अलावा पटवों की हवेली, सलीम सिंह की हवेली, गडिसर झील और स्थानीय बाजार भी जैसलमेर की शान हैं, जहां आप राजस्थानी कला, संगीत और व्यंजन का आनंद ले सकते हैं।
5. ब्लू सिटी’ में इतिहास और स्वाद का अनोखा संगम
राजस्थान का जोधपुर, जिसे ‘ब्लू सिटी’ के नाम से भी जाना जाता है, सर्दियों के मौसम में घूमने के लिए एक शानदार डेस्टिनेशन है। यहां का मौसम इस समय सुहावना रहता है, जिससे हर कोना एक्सप्लोर करने का मज़ा दोगुना हो जाता है। शहर का प्रमुख आकर्षण है मेहरानगढ़ किला, जो ऊंची चट्टानों पर स्थित है और वहां से दिखाई देने वाले नीले रंग के घरों का नज़ारा पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है। यह किला अपने शानदार स्थापत्य, संग्रहालय और इतिहास के लिए मशहूर है।
अगर आप शांति और हरियाली चाहते हैं, तो मंडोर गार्डन जरूर जाएं। यहां की स्थापत्य कला और हरियाली सुकून देती है। खाने के शौकीनों के लिए जोधपुर किसी जन्नत से कम नहीं। मिर्ची वड़ा, प्याज की कचौरी, गट्टे की सब्जी और मावा कचौरी जैसे स्थानीय व्यंजन आपका दिल जीत लेंगे।


