29.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

वसुंधरा राजे ने दी डूडी को श्रद्धांजलि, कहा- CM रहते हुए बजट पर डूडी से होती थी तीखी चर्चा

बीकानेर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरुवार को बीकानेर दौरे पर रहीं, जहां उन्होंने दिवंगत पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी के निवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर वसुंधरा राजे ने डूडी को याद करते हुए कहा कि “वे एक मजबूत जनप्रतिनिधि थे, जो सदन में जनता के मुद्दों को लेकर हमेशा मुखर रहते थे। उनके व्यक्तित्व का सबसे प्रेरणादायक पक्ष था उनकी फिटनेस के प्रति सजगता। वे हमें भी हमेशा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देते थे।”

परिवार से की मुलाकात, दी संवेदना

वसुंधरा राजे नाल एयरपोर्ट से सीधे डूडी के आवास पहुंचीं। उन्होंने डूडी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी पत्नी नोखा विधायक सुशील डूडी, पुत्र अजय डूडी, तथा भतीजे अतुल डूडी से मिलकर संवेदना प्रकट की। राजे करीब 25 मिनट तक डूडी आवास पर रुकीं। इस दौरान पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी, विधायक डॉ. विश्वनाथ, जेठानंद व्यास सहित कई स्थानीय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सदन में डूडी थे मुखर विपक्ष नेता: वसुंधरा राजे

पत्रकारों से बातचीत में राजे ने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री थीं और डूडी नेता प्रतिपक्ष थे, तब सदन में कई बार तीखी लेकिन मुद्दों पर आधारित चर्चा होती थी। उन्होंने बताया कि “जब मैं केंद्र सरकार में मंत्री थी, तब डूडी लोकसभा सांसद थे और वहीं से हमारे रिश्तों की शुरुआत हुई थी। वे सटीक सवाल पूछते थे और जवाब भी मुझसे ही मांगते थे, यह उनकी राजनीति की गंभीरता और सजगता को दर्शाता है।”

स्वास्थ्य के प्रति थे सजग

राजे ने कहा, “मुझे बहुत दुख है कि उन्होंने लंबी बीमारी झेली। वे फिटनेस को लेकर बहुत सजग रहते थे। अक्सर कहते थे कि हमें भी अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना चाहिए। उनका यह दृष्टिकोण आज भी प्रेरणादायक है।”

बीडी कल्ला के घर पहुंची, जताया दुख

डूडी के घर से निकलने के बाद वसुंधरा राजे, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला के आवास भी पहुंचीं, जहां उन्होंने जनार्दन कल्ला की पत्नी के निधन पर शोक जताया। इसके बाद राजे ने जस्सूसर गेट और गंगाशहर स्थित दो भाजपा कार्यकर्ताओं के घर भी पहुंचकर उनके परिवारजनों को सांत्वना दी, जिनके परिजनों का हाल ही में निधन हुआ था।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles