29.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल और सीएम भजनलाल का मंड्रेला दौरा आज, झुंझुनूं को मिलेगी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल आज मंड्रेला दौरे पर रहेंगे, जिसमें जिले को कई बड़े विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर लगभग 1100 करोड़ रुपए की लागत से बन रही कुंभाराम लिफ्ट कैनाल परियोजना का शिलान्यास किया जा सकता है। यह परियोजना सूरजगढ़ और उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्रों तक पेयजल पहुंचाने के लिए शुरू की जा रही है।

मंड्रेला और नौ पंचायतों को जोड़ा जाएगा कैनाल से

कुंभाराम लिफ्ट कैनाल के जरिए मंड्रेला नगर पालिका क्षेत्र के साथ बजावा सूरों का, तिगियास, लांबा, अलीपुर, बुडानिया, धत्तरवाला, खुडिया, बदनगढ़ और मंड्रेला सहित नौ पंचायतों को पेयजल सुविधा से जोड़ा जाएगा। इसी के साथ यमुना जल परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) की प्रगति पर भी चर्चा होगी। झुंझुनूं जिले के वंचित गांवों तक पेयजल पहुंचाने के लिए नई योजनाओं की घोषणा भी की जा सकती है।

पुनर्वास भवन का उद्घाटन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा झुंझुनूं में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा बनाए गए पुनर्वास भवन का उद्घाटन करेंगे। यह भवन विशेष रूप से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के उपयोग के लिए बनाया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त, 500 पुलिसकर्मी तैनात

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि लगभग 500 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षा में तैनात रहेंगे। सभा स्थल के आसपास वाहनों की अलग-अलग पार्किंग और विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। मंड्रेला कस्बे में स्वागत द्वार बनाए गए हैं और व्यापारी भी शनिवार को बंद रखेंगे।

सीएम के दौरे का शेड्यूल

मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर 1:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट से मंड्रेला के लिए प्रस्थान करेंगे और 2:25 बजे लाठ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, राज्य के जलदाय मंत्री कन्हैयालाल व जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में जल संचय-जन भागीदारी-जन आंदोलन की शुरुआत होगी, जिसमें 500 वाटर रिचार्ज बोर परियोजनाओं का शुभारंभ भी होगा।

15 नए स्वास्थ्य भवनों का लोकार्पण

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जिले के 15 नए स्वास्थ्य भवनों का लोकार्पण करेंगे, जिनमें इस्लामपुर, वाहिदपुरा, सोनासर, लालपुर, भामरवासी, चुड़ैला, भीमसर, कांकरिया, बलौदा, मंडावा, सूरजगढ़ और पिलानी ब्लॉकों के स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बड़सरी का बास, बांकोटी और देवता गांवों में बने उपकेंद्र भवनों का भी उद्घाटन किया जाएगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles