Rajasthan Education Minister Madan Dilawar: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर बारां में पत्रकारों से बातचीत की और कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां आज अयोध्या में राम मंदिर बन चुका है, वहीं कांग्रेस शौचालय बनाना चाहती थी। दिलावर निजी कार्यक्रमों में भाग लेने बारां पहुंचे थे और राज्य सरकार की सेवा माह के तहत लगाये जा रहे ग्रामीण एवं शहरी शिविरों में आमजन को मिलने वाले लाभ के बारे में मीडिया को जानकारी दी।
डोटासरा को ‘परम मित्र’ बताते हुए दिया विवादित बयान
पत्रकारों के सवाल के जवाब में दिलावर ने कहा कि डोटासरा बेईमान जरूर हैं, लेकिन वे मेरे परम मित्र हैं। सामाजिक होने के नाते बेईमानों से भी मित्रता रखनी पड़ती है। दिलावर और डोटासरा के बीच जुबानी जंग पिछले समय से जारी है और दोनों ने कई बार एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
बारां में उपचुनाव को लेकर बीजेपी नेताओं के दौरे तेज
बारां जिले की अंता विधानसभा में 11 नवंबर को उपचुनाव होने वाले हैं, जिनके नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। चुनाव आयोग ने 6 अक्टूबर से आचार संहिता लागू कर दी है। इसके बाद से क्षेत्र में बीजेपी के कई नेता और मंत्री लगातार दौरे कर चुनावी तैयारियों को गति दे रहे हैं।


