राजस्थान को केंद्र सरकार की ओर से एक बार फिर बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार, 13 अक्टूबर को एक दिवसीय दौरे पर जयपुर आ रहे हैं। इस दौरान वे कई विकास कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण और योजनाओं की शुरुआत करेंगे।
तीन नए आपराधिक कानूनों के एक वर्ष पूरे होने पर प्रदर्शनी का उद्घाटन
जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी (जयपुर एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर) में 6 दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसका उद्घाटन अमित शाह दोपहर 12 बजे करेंगे। यह प्रदर्शनी भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के लागू होने का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में लगाई गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्य सरकार के मंत्रीगण और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
एयरपोर्ट से सीधे पहुंचेंगे जेईसीसी
केंद्रीय गृह मंत्री सुबह 11:40 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहाँ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे सीधे कार्यक्रम स्थल जेईसीसी जाएंगे।
क्या-क्या सौगातें देंगे अमित शाह?
- राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में हुए 4 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग करेंगे।
- कुल 9,300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास।
- दुग्ध उत्पादकों को सब्सिडी के तहत 365 करोड़ रुपए की राशि का हस्तांतरण।
- सरकारी स्कूलों के 47,000 विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए 260 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित।
- पीएम सूर्यघर योजना के तहत 150 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली योजना के पोर्टल का शुभारंभ।
- विकसित राजस्थान 2047 की कार्ययोजना का विमोचन।
- एफएसएल के लिए 56 वाहन और महिला सुरक्षा पेट्रोलिंग के लिए 100 स्कूटी और मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
पिछली यात्रा में किया था सहकार सम्मेलन का उद्घाटन
गौरतलब है कि इससे पहले 17 जुलाई को अमित शाह जयपुर आए थे, तब उन्होंने दादिया में आयोजित सहकार सम्मेलन का उद्घाटन किया था।


