जयपुर। त्योहारी सीजन के बीच कीमती धातुओं की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया है। खासतौर पर चांदी की कीमतों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। एक ही दिन में चांदी के दाम 10,000 रुपए प्रति किलो बढ़ गए हैं, जिससे यह 1,80,000 रुपए प्रति किलो के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गई है।
चांदी की कीमतें सात दिन में 27,000 रुपए बढ़ीं
जयपुर सर्राफा बाजार के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखी गई है। केवल सात दिनों में चांदी 27,000 रुपए प्रति किलो महंगी हो चुकी है। व्यापारियों और निवेशकों के बीच चांदी को लेकर बढ़ी हुई मांग ने इसकी कीमतों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है।
सोना भी नहीं रहा पीछे, 24 कैरेट 1.28 लाख के पार
केवल चांदी ही नहीं, सोने के दामों में भी जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। सोमवार को 24 कैरेट सोना 1500 रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा होकर 1,28,500 रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं 22 कैरेट जेवराती सोने की कीमत 1,20,000 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।


