राजस्थान सरकार ने दीपावली से पहले राज्य कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट जारी कर बताया कि 6 लाख कर्मचारियों को बोनस देने की घोषणा की है। यह बोनस राज्य सरकार के उन कर्मचारियों को मिलेगा जो पे लेवल L-12 या ग्रेड पे ₹4800 एवं उससे कम वेतनमान में काम करते हैं।
बोनस की सौगात
मुख्यमंत्री ने लिखा, “सुशासन को समर्पित हमारी सरकार ने दीपावली के पावन अवसर पर लगभग 6 लाख कर्मचारियों को तदर्थ बोनस देने की घोषणा की है।” इसका लाभ पे लेवल L-12 या ग्रेड पे ₹4800 और उससे कम वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों को मिलेगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम ₹6,774 का तदर्थ बोनस मिलेगा। यह लाभ पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
महंगाई भत्ते में वृद्धि
इससे पहले, 3 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को 3% महंगाई भत्ते में वृद्धि की घोषणा की थी। अब 1 जुलाई 2025 से सातवें वेतनमान के तहत महंगाई भत्ता / राहत 55% से बढ़कर 58% कर दिया गया है। इससे 8 लाख से अधिक कर्मचारी और 4.40 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।
भुगतान की प्रक्रिया
- अक्टूबर 2025 के वेतन में बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा।
- 1 जुलाई से 30 सितम्बर 2025 तक की 3 माह की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते में जमा की जाएगी।
- पेंशनर्स को 1 जुलाई 2025 से महंगाई राहत का सीधा नकद भुगतान किया जाएगा।
कुल वित्तीय भार
राज्य सरकार के इन फैसलों से प्रदेश के खजाने पर लगभग ₹1230 करोड़ का वार्षिक वित्तीय भार पड़ेगा।


