लेक सिटी में राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन मंत्रियों की दो दिवसीय कांफ्रेंस मंगलवार से शुरू हुई। यह सम्मेलन बड़ी रोड स्थित होटल मेरियट में आयोजित किया गया है, जिसमें केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजस्थान के उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दीया कुमारी सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पर्यटन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं। इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘50 पर्यटन स्थलों का विकास और प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना’ है, जिसमें पर्यटन विकास और ग्लोबल टूरिज्म डेस्टिनेशन को लेकर गहन विचार-विमर्श होगा।
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने अपने सोशल मीडिया फेसबुक पेज पर फोटो शेयर करते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग को सुदृढ़ बनाने और सतत तथा उत्तरदायी पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत अपनी विरासत, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखते हुए विश्व का सबसे जिम्मेदार और आकर्षक पर्यटन स्थल बन सकता है।

सम्मेलन के पहले दिन की शुरुआत राजस्थान पर्यटन मंत्री दीया कुमारी द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए हुई। इसके बाद पर्यटन मंत्रालय की सचिव वी विद्यावती ने कांफ्रेंस की रूपरेखा प्रस्तुत की। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राज्यमंत्री गोपी ने भी संबोधन दिया। पहले दिन कुल चार सत्र आयोजित किए गए, जिनमें जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, केरल, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों ने अपने पर्यटन स्थलों की प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए।
दूसरे दिन पश्चिमी एवं मध्य क्षेत्र के राज्यों जैसे गोवा, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके बाद पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी राज्यों बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और असम की प्रस्तुतियां होंगी। दोपहर में मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम के प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे।
दिन के अंत में भारत को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों में समग्र पर्यटन गंतव्य के रूप में प्रस्तुत करने के लिए ड्राफ्ट इंटीग्रेटेड टूरिज्म प्रमोशन स्कीम के दिशा-निर्देशों पर विचार-विमर्श होगा। साथ ही सतत पर्यटन विकास को लेकर शिखर सम्मेलन के संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी। यह कार्यक्रम बुधवार शाम 5 बजे समापन सत्र के साथ समाप्त होगा। एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा ने व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने और जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि कांफ्रेंस सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


