Khatushyamji: सीकर। अगर आप दिवाली से पहले खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन का प्लान बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। नहीं तो, आपको वहां जाकर बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। दीपावली के मौके पर मंदिर के पट पूरे 16 घंटे तक बंद रहेंगे, यानी उस दौरान किसी भी भक्त को बाबा के दर्शन नहीं हो पाएंगे।
19 अक्टूबर की रात 10 बजे से दर्शन बंद,
श्री श्याम मंदिर कमेटी ने सूचना जारी करते हुए बताया है कि दिवाली (20 अक्टूबर 2025) के दिन बाबा श्याम की विशेष सेवा-पूजा के कारण, 19 अक्टूबर की रात 10 बजे से मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। ये कपाट लगातार 16 घंटे बंद रहेंगे। 20 अक्टूबर को शाम 5 बजे के बाद ही मंदिर के दर्शन फिर से शुरू किए जाएंगे। कमेटी सदस्यों संतोष सिंह और मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि यह निर्णय हर साल की तरह विशेष धार्मिक परंपरा और पूजा अनुष्ठान के चलते लिया गया है।

दर्शन ना होने के ये और भी दिन होते हैं घोषित
खाटूश्याम मंदिर में सिर्फ दिवाली ही नहीं, बल्कि होली, रक्षाबंधन, सिंजारा, और हर अमावस्या के बाद भी बाबा श्याम की विशेष सेवा और तिलक होता है। ऐसे में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन 15 से 19 घंटे तक बंद कर दिए जाते हैं।
भक्त रखें ध्यान, ना हो यात्रा में बाधा
इसलिए अगर आप दिवाली के मौके पर बाबा श्याम के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यात्रा की तारीख और समय को सोच-समझकर तय करें। 20 अक्टूबर की शाम 5 बजे के बाद ही मंदिर के कपाट खुलेंगे, इसलिए उसी समय दर्शन की योजना बनाएं।


