बिहार। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत बेतिया में एक भव्य जनसभा को संबोधित किया। यह सभा भाजपा प्रत्याशी रेणु देवी (बेतिया), नारायण प्रसाद (नौतन), और विनय बिहारी (लौरिया) के नामांकन के समर्थन में आयोजित की गई थी। दीया कुमारी ने जनता से एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की और कहा कि बिहार अब ‘विकसित राज्य’ की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और एनडीए के ठोस नेतृत्व से एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनना तय है।
महागठबंधन पर साधा निशाना
दीया कुमारी ने महागठबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा: “राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और पूरा महागठबंधन सिर्फ जनता को धोखा देने और झूठे वादों से गुमराह करने में लगे हैं। अब बिहार की जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली।”
‘आत्मनिर्भर भारत से आत्मनिर्भर बिहार तक’
उपमुख्यमंत्री ने एनडीए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बिहार में सड़क निर्माण से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिली है,महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रमों से समाज में नई चेतना आई है,और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा “प्रधानमंत्री मोदी का आत्मनिर्भर भारत का सपना अब आत्मनिर्भर बिहार की ओर बढ़ रहा है। बिहार की जनता देशभर में अपना योगदान देती है — मेरी जीत में भी बिहारवासियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।”
‘मोदी के हाथ फिर से मजबूत करें’
दीया कुमारी ने लोकतंत्र को ‘महापर्व’ बताते हुए कहा “अब समय है कि हम सब एकजुट होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लें और एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें।”


