नगर निकाय एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने निकाय चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में निकाय चुनाव बहुत जल्द कराए जाएंगे, और इसके लिए विभाग की तैयारी पूरी हो चुकी है। यह बात उन्होंने एक निजी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही।
निकायों का सीमा विस्तार अधिसूचित
मंत्री खर्रा ने कहा कि निकायों के सीमा विस्तार का नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनाव ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ मॉडल के तहत कराए जाएंगे, जिससे चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और समन्वित किया जा सके।
ओबीसी आयोग की रिपोर्ट का इंतजार
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग (OBC Commission) की रिपोर्ट जैसे ही प्राप्त होती है, उसके बाद लॉटरी प्रक्रिया पूरी की जाएगी और तत्पश्चात राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी जाएगी, जिससे चुनावी प्रक्रिया को औपचारिक रूप से शुरू किया जा सके।
सीकर में हुआ मंत्री का स्वागत
इस अवसर पर सीकर नगर परिषद के सभापति जीवण खान, फतेहपुर पालिकाध्यक्ष मुश्ताक नजमी, लक्ष्मणगढ़ पालिकाध्यक्ष मुस्तफा कुरैशी, और भाजपा नेता मधुसूदन भिंडा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मंत्री झाबर सिंह खर्रा का स्वागत किया।


