बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन ने बड़ा फैसला करते हुए तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पटना के होटल मौर्य में आयोजित इस महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस, वामदल और अन्य सहयोगी पार्टियों ने मिलकर यह निर्णय लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने इस घोषणा के दौरान कहा कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा होंगे। इसके साथ ही उन्होंने दो उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने की भी घोषणा की, जिसमें मुकेश सहनी को पहले उपमुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। गुरुवार को पटना के होटल मौर्य में हुई इस बहुप्रतीक्षित प्रेस वार्ता में महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता मौजूद थे और उन्होंने बिहार की जनता को एकजुट होकर बड़ा संदेश दिया।
अशोक गहलोत ने कहा कि तेजस्वी यादव युवा और प्रतिभाशाली नेता हैं, जिनका भविष्य उज्जवल है और जनता भी ऐसे नेताओं को समर्थन देती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महागठबंधन के सभी सहयोगी दलों ने मिलकर बिहार में इस गठबंधन को मजबूत करने का फैसला किया है और आगामी चुनाव में तेजस्वी यादव के नेतृत्व को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई जाएगी।


