राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS Hospital) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कर लिया है।
देवनानी पहुंचे SMS अस्पताल
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी इस वक्त SMS अस्पताल में मौजूद हैं और डॉक्टरों से लगातार अपनी पत्नी की तबीयत के बारे में जानकारी ले रहे हैं। उनके अस्पताल पहुंचते ही कई राजनीतिक नेता, प्रशासनिक अधिकारी और समर्थक भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल प्रशासन ने अब तक इंद्रा देवी की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी में लगी हुई है।
घर पर अचेत अवस्था मिली थीं इंद्रा देवी
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह परिजनों ने इंद्रा देवी को घर पर अचेत अवस्था में पाया। उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी के निर्देशन में एक विशेष मेडिकल बोर्ड गठित किया जा रहा है, जो उनके इलाज और देखरेख की जिम्मेदारी संभालेगा।
एक साल पहले भी बिगड़ी थी तबीयत
करीब एक वर्ष पहले भी इंद्रा देवी की तबीयत अचानक खराब हुई थी, तब उन्हें कुछ दिनों के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उस दौरान धीरे-धीरे उनकी तबीयत में सुधार हुआ था, लेकिन इस बार स्थिति ज्यादा नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल पूरा देवनानी परिवार, समर्थक और शहरवासी इंद्रा देवी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।


