33.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़, ज्यादा भीड़ से टूटी रेलिंग; 10 की मौत

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार को एकादशी के अवसर पर बड़ा हादसा हो गया। दर्शन के दौरान भारी भीड़ में मची भगदड़ से 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। वहीं 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पतालों में जारी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंदिर में दर्शन के दौरान अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भीड़ के दबाव से रेलिंग टूट गई, जिससे लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे और भगदड़ मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मंदिर की सीढ़ियों पर भारी भीड़ देखी जा सकती है। कई श्रद्धालु खुद को बचाने के लिए दूसरों के ऊपर चढ़कर निकलने की कोशिश करते दिखे। हादसे के बाद के दृश्यों में लोग भीड़ में फंसे महिलाओं और बच्चों को खींचकर निकालते नजर आए। कई श्रद्धालु बेसुध हालत में सीढ़ियों पर पड़े दिखाई दिए।

राज्य की गृह मंत्री अनीता ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि मंदिर में सामान्य दिनों में करीब 1500 से 2000 श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन एकादशी के कारण भीड़ कई गुना बढ़ गई थी। उन्होंने बताया कि मंदिर पहली मंजिल पर स्थित है और ऊपर जाने के लिए करीब 20 सीढ़ियां हैं। इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में रेलिंग टूटने से यह हादसा हुआ।

सरकार ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles