अंता उपचुनाव के प्रचार के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदान राठौड़ दो दिन के प्रवास पर बारां पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा RSS पर प्रतिबंध लगाने के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि ऐसा कभी नहीं होगा। उन्होंने खरगे पर तंज कसते हुए कहा कि वे “मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं” और पहले अपना परिवार संभालें।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने आरएसएस पर कई बार प्रतिबंध लगाने का प्रयास किया, एक बार 1948 में और फिर 1971 में भी, लेकिन हर बार पीछे हटना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस किस लोकतंत्र की बात करती है।
राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश के विकास और चरित्र निर्माण के लिए काम कर रहा है, और देश के लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने के लिए सक्रिय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरएसएस पर कोई प्रतिबंध नहीं लगेगा, और संगठन किसी भी व्यक्ति को स्वीकार करता है, जो राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ काम करता हो।
उन्होंने कहा कि खरगे वही नेता हैं, जिन्होंने सेना की कार्रवाई ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भी सवाल उठाए थे। राठौड़ ने चेतावनी दी कि अपने संगठन पर सवाल उठाना खरगे को शोभा नहीं देता और उन्हें पहले अपनी पार्टी में राष्ट्रभक्ति की भावना पैदा करनी चाहिए।


