35.6 C
Jaipur
Sunday, March 8, 2026

झोटवाड़ा में राव शेखाजी आरओबी का लोकार्पण गुरुवार को, ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात

नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल कल 167 करोड रूपए की लागत से झोटवाड़ा में निर्मित राव शेखाजी आरओबी का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। 
जयपुर विकास आयुक्त डॉ. जोगा राम ने बताया कि राव शेखाजी आरओबी का निर्माण पंचायत भवन से लेकर अम्बाबाड़ी तक किया गया है। झोटवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्र में आवागमन के लिए उपलब्ध वर्तमान ब्रिज की चौड़ाई कम होने के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है एवं निवासियों द्वारा नवीन आरओबी की मांग को दृष्टिगत रखते हुए राव शेखाजी आरओबी का कार्य प्रारम्भ किया गया। परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2018 में किया गया था। 
उन्होंने बताया कि नवीन आर.ओ.बी. के निर्माण से लगभग 642 मकान/दुकान प्रभावित थीं जिनका पुनर्वास समझाइश के आधार पर पारस्परिक समझौते के अनुसार किया गया। पुनर्वास के लिए निवारु रोड़ पर ज्योतिबा फूले रिटेल योजना सृजित कर भूखण्ड आवंटित किए गए एवं हाथोज करधनी विस्तार योजना में आवासीय भूखण्ड़ों का आवंटन किया गया। 
पुनर्वास की सम्पूर्ण प्रक्रिया सौहार्दपूर्ण तरीके से सम्पादित की गयी। वर्तमान में परियोजना का 83 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है एवं परियोजना पर राशि रू. 108.64 करोड़ का व्यय किया जा चुका है। आरओबी के निर्माण पर लगभग राशि रुपए 83.00 करोड़ एवं परियोजना हेतु यूटीलिटी शिफ्टिंग, विद्युतीकरण, सर्विस रोड़ एवं ड्रेन एवं अन्य विकास कार्यों पर राशि रुपए 25.64 करोड़ का व्यय किया जा चुका है। वर्तमान में फेज-1 में निवारु टी-जंक्शन से अम्बाबाड़ी तक का कार्य पूर्ण हो चुका है एवं परियोजना का शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। 
जेडीसी ने बताया कि यातायात जाम की समस्या के समाधान हेतु एवं आगामी माह में विभिन्न त्यौहारों एवं विधानसभा चुनावों के दौरान यातायात सुगमता की दृष्टि से परियोजना के इस भाग पर यातायात का संचालन अति आवश्यक है। इसके अतिरिक्त उपरोक्त भाग में यातायात संचालन से परियोजना के शेष भाग यथा निवारु टी-जंक्शन से पंचायत समिति तक का कार्य सम्पादन तीव्र गति से सम्पादित किया जा सकेगा। 
यह आरओबी कालवाड़ रोड़ पर है, जो कि स्टेट हाईवे है और जयपुर को अनेक कस्बों से जोड़ता है। झोटवाड़ा क्षेत्र के करीब 10 लाख लोग इस परियोजना से लाभान्वित होगे। आर.ओ.बी. के निर्माण से झोटवाड़ा क्षेत्र के निवासियों को सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध होगी एवं वर्तमान में यातायात जाम के कारण होने वाली असुविधा से राहत मिलेगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles