भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सघन स्वच्छता अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज जयपुर शहर जिलाध्यक्ष राघव शर्मा के नेतृत्व में जयपुर शहर के पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान 2 जनवरी को जयपुर शहर में महापुरूषों की मूर्तियों को स्वच्छ करने का अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक नारायण पंचारिया ने बताया कि नववर्ष में मेरा सपना-स्वच्छ जयपुर हो अपना और स्वच्छ जयपुर, स्वच्छ प्रदेश के उद्घोष के साथ भाजपा का सघन स्वच्छता अभियान मंगलवार से शुरू होगा। इस दौरान राजधानी के प्रमुख चौराहों पर लगी हुई महापुरूषों की मूर्तियों को भाजपा के जयपुर शहर के बूथ, मंडल और प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा साफ-सफाई करने के बाद माल्यार्पण किया जाएगा।
शहर के स्टेच्यू सर्किल पर जयपुर शहर के संस्थापक महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय की प्रतिमा, जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित गांधी सर्किल पर महात्मा गांधी की प्रतिमा, त्रिमूर्ति सर्किल पर शहीदों की प्रतिमाओं के साथ अम्बेडकर सर्किल पर डॉ भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा की साफ सफाई की जाएगी। अभियान के तहत शहर के विभिन्न 63 स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्वच्छता अभियान के दौरान कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी मौजूद रहेंगे।


