जयपुर में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूट करने वाले बदमाशों का पुलिस ने जुलूस निकाला। माणक चौक थाना पुलिस ने करीब 2 किलोमीटर बदमाशों की पैदल परेड निकाली। आरोपियों ने जिन-जिन इलाकों में वारदातों को अंजाम दिया था। उन जगहों सहित आस-पास के बाजारों में पैदल परेड निकाली गई।
माणक चौक थानाअधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लूट मामले में शेख मुख्तार उमर उर्फ मुख्तार हसन, मोहम्मद अली उर्फ साबिर हसन, जुल्फीकार उर्फ जावेद निवासी निवासी ईरानी बस्ती अमन कॉलोनी निशादपुरा भोपाल और उनके टैक्सी ड्राइवर जितेन्द्र कुमार निवासी फरीदबाद हाल आगरा उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है।
करीब 12 दिन पहले बदमाशों ने जयपुर में सीबीआईअफसर बनकर कोरियर बॉय को लूट लिया था। लूट की वारदात कैलाश नगर झोटवाड़ा निवासी द्वारका प्रसाद शर्मा (35) के साथ हुई थी। रात करीब 8 बजे वह ज्वेलरी का पार्सल लेकर गंगा माता की गली से पैदल आ रहा था। बदमाशों ने खुद को सीबीआई अफसर बताकर चैक करने के लिए कहा था। फिर धक्का देकर बैग लूट ले गए थे। पीड़ित ने माणक चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
आरोपी शेख मुखतार उमर, मोहम्मद अली और जुल्फीकार के खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और जयपुर में कई प्रकरण दर्ज है। तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम है। 24 मई को चारों बदमाशों को अरेस्ट किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर शहर के परकोर्ट में चार वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया था।


