अंता (बारां) उपचुनाव में मुकाबला रोमांचक हो चला है। पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के कांग्रेस से पर्चा भरने के साथ ही बीजेपी उम्मीदवार मोरपाल सुमन भी मैदान में हैं। वहीं, नरेश मीणा की उम्मीदवारी ने चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है।
प्रहलाद गुंजल ने किया साफ किया अपना रुख
इस बीच, प्रहलाद गुंजल के सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी है। नरेश मीणा के समर्थक उनके समर्थन का इंतजार कर रहे थे, लेकिन प्रहलाद गुंजल ने स्पष्ट किया कि वह प्रमोद जैन भाया का प्रचार करेंगे।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा: “मेरी जानकारी में आया है कि खैराली गांव में नरेश मीणा के फ्लेक्स पर मेरा फोटो लगाया हुआ है, जो कतई गलत है। मेरी आप सभी से विनम्र प्रार्थना है कि कोई मेरे फोटो का किसी निर्दलीय या अन्य उम्मीदवार के साथ न लगाए। मैं कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता हूं और कांग्रेस उम्मीदवार के साथ हूं।”
एसडीएम थप्पड़कांड मामले में सहयोग के बाद आया यह पल
हालांकि इससे पहले प्रहलाद गुंजल और नरेश मीणा के बीच सियासी समन्वय देखने को मिला था। एसडीएम थप्पड़कांड मामले में जेल जाने के बाद, नरेश मीणा की रिहाई के लिए प्रहलाद गुंजल ने मोर्चा खोला था। ऐसे में नरेश मीणा के समर्थक अंदरखाने उनके समर्थन की उम्मीद लगाए बैठे थे। लेकिन अब उन्हें झटका लगा है।


