29.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

SMS Hospital Fire: अशोक गहलोत बोले- लीपापोती करने से समस्या हल नहीं होगी, न्यायिक जांच कराए सरकार

जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को एसएमएस अस्पताल में लगी आग की घटना को लेकर राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। बूंदी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने मौजूदा सरकार को पूरी तरह नाकाम और भ्रष्ट बताया। गहलोत ने कहा कि जनता त्रस्त है, सरकारी सिस्टम चरमराया हुआ है और भ्रष्टाचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

“एसएमएस अस्पताल जैसी जगह पर भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं”

गहलोत ने कहा, “प्रदेश की सबसे बड़ी और प्रमुख अस्पताल में भी सुरक्षा व्यवस्था इस कदर ढीली है कि इससे बड़ी त्रासदी कोई नहीं हो सकती। यह सरकार प्रशासन चलाने में पूरी तरह असफल रही है।” उन्होंने कहा कि यह घटना इस सरकार की नाकामी का जीता जागता उदाहरण है।

“जनता को विकास नहीं, केवल दिखावा दिख रहा है”

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नरेगा मजदूर 6 महीने से वेतन के लिए भटक रहे हैं और चिरंजीवी योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं ठप हैं। अस्पतालों में दवाइयां नहीं मिल रही हैं और पेंशनर्स को भी दवा के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “सरकार का पूरा ध्यान प्रचार-प्रसार पर है, काम पर नहीं।”

अफसरशाही बेलगाम, जनप्रतिनिधि असहाय

गहलोत ने कहा कि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह नहीं है, जिसकी वजह से त्रासदियां प्रदेश में लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने अफसरशाही को बेलगाम बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि भी असहाय हैं और सरकार का नियंत्रण व्यवस्था पर खत्म हो चुका है। “यह सरकार इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त है, जबकि जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है,

जांच के लिए आयोग बने

एसएमएस अस्पताल आग की जांच के लिए गहलोत ने कहा कि केवल 5-7 लोगों की कमेटी बनाकर मामले को दबाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस हादसे की जांच के लिए स्वतंत्र आयोग का गठन किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

राजनीति और उपचुनाव पर बयान

गहलोत ने कहा कि प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। अंता सीट उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए उन्होंने युवा नेता नरेश मीणा को संयम बरतने और समझदारी से काम लेने की नसीहत दी।

समारोह में मौजूद लोग

इस अवसर पर पूर्व नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल, विधायक हरिमोहन शर्मा, पूर्व कांग्रेस नेता सत्येश शर्मा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष निशांत नुवाल, वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles