नेपाल में 8 सितंबर से शुरू हुए हिंसक आंदोलन का असर अब भारत के पर्यटकों पर भी पड़ रहा है। स्थिति यह है कि हजारों भारतीय नागरिक नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में फंस गए हैं। इनमें राजस्थान के भी कई लोग शामिल हैं। इनमें बयाना की निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत का परिवार भी फंसा हुआ है। विधायक ने खुद इस बात की जानकारी दी है कि वह अपने पति ऋषि बंसल के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं, जहां चीन-नेपाल बॉर्डर पर स्थित पुरांग क्षेत्र में वह फंसी हुई हैं।
विधायक ऋतु बनावत 3 सितंबर से 11 सितंबर तक कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं। यात्रा के अंतिम विधायक ऋतु ने कहा है कि आज हमारी यात्रा पूरी हो गई है और यहां से हमें नेपाल बॉर्डर में प्रवेश करना था और वहां से नेपालगंज पहुंचकर लखनऊ जाना था। लेकिन नेपाल के हालात को देखते हुए हमें यहां रोका गया है। मेरे अलावा मेरे सभी साथियों को लग रहा है कि हम कैसे अपने घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मेरी लगातार भारत सरकार और राजस्थान के मुख्यमंत्री से बात हो रही है। सरकार ने कहा है कि हम आपकी सकुशल वापसी के प्रयास कर रहे हैं। काठमांडू एंबेसी से भी फोन पर आश्वासन दिया गया है कि इंडियन एयरलाइंस यहां उतरेगी, जहां से हम आपको रवाना करेंगे।
आपको बता दें कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नेपाल में फंसे राजस्थानी नागरिकों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रभावित लोगों से भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की है। राज्य सरकार भी केंद्र और दूतावास के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रखे हुए है।


