लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज भुवनेश्वर में संविधान बचाओ समावेश रैली के दौरान भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान के साथ खिलवाड़ कर रही है। मैं कल बिहार में था। जिस तरह महाराष्ट्र में चुनाव की चोरी की गई, उसी तरह का प्रयास बिहार में किया जा रहा है। चुनाव की चोरी के लिए चुनाव आयोग ने एक नई साजिश रची है। चुनाव आयोग भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रहा है, वह अपना काम नहीं कर रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि अदाणी ओडिशा सरकार चलाते हैं, अदाणी नरेंद्र मोदी को चलाते हैं। जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है, जब जगन्नाथ यात्रा के रथ खींचे जाते हैं, तो लाखों लोग इसे देखते हैं और इसका अनुसरण करते हैं। फिर एक नाटक होता है – अदाणी और उनके परिवार के लिए रथ रोक दिए जाते हैं। इससे आपको ओडिशा सरकार के बारे में सब कुछ समझ में आ जाएगा। यह ओडिशा सरकार नहीं है, यह अडानी जैसे 5-6 अरबपतियों की सरकार है। इसका लक्ष्य आपकी जमीन, जंगल और भविष्य को चुराना है।
उन्होंने कहा कि कुछ नया शुरू हुआ है। ओडिशा में 40,000 से ज़्यादा महिलाएं गायब हो गईं। आज तक पता नहीं चला कि ये महिलाएं कहां गईं? यहां हर दिन महिलाओं पर अत्याचार होता है। उनके साथ दुष्कर्म होता है। ओडिशा में हर दिन 15 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। आपकी सरकार चौबीसों घंटे आपका खून चूसती है, आपकी जमीन छीनती है।


