पटना। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव का पूरा शेड्यूल चुनाव आयोग ने आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषित कर दिया है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार राज्य में कुल 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा, जो बिहार के इतिहास में पहली बार होगा। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा, जबकि दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी। मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी।
मतदान का पूरा शेड्यूल
पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान होगा और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की है, जिसमें सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

चुनाव प्रक्रिया होगी पारदर्शी और सुगम
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि इस बार बिहार के मतदाता सुगमता से शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतदान का अनुभव करेंगे। चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर इस चुनाव को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव लिए हैं।
बिहार की विधानसभा सीटों का विवरण
बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं, जिनमें से 203 सामान्य सीटें, 2 एसटी और 38 एससी सीटें शामिल हैं। बिहार में मतदाताओं की कुल संख्या 7.43 करोड़ है, जिनमें से 14 लाख मतदाता इस बार पहली बार वोट डालने जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने मतदाताओं की सुविधा और सुगमता के लिए हर पोलिंग बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाताओं को ही रखने का निर्णय लिया है। इससे इस बार बिहार में पोलिंग स्टेशनों की संख्या में वृद्धि होगी। इसके साथ ही, हर पोलिंग स्टेशन पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे चुनाव अधिकारियों को पूरी मतदान प्रक्रिया पर ऑनलाइन निगरानी रखने में मदद मिलेगी और मतदान को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।


