Rajasthan By Election: जयपुर। राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर सकती है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संकेत दिए हैं कि देर शाम तक पार्टी अपने अधिकृत प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर देगी। यह फैसला ऐसे समय में लिया जा रहा है जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ के बीच इस सीट को लेकर अहम मंथन हो चुका है।
राजे और राठौड़ की अहम मुलाकात ने बढ़ाई हलचल
बीजेपी उम्मीदवार की घोषणा से पहले सोमवार सुबह जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, अस्पताल में भर्ती मदन राठौड़ की पत्नी का हाल जानने पहुंचीं। हालांकि यह भेंट शिष्टाचार मानी जा रही है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे उपचुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच अंता उपचुनाव के टिकट को लेकर अंतिम चर्चा हुई।

वसुंधरा राजे की सहमति बनी अहम
अंता विधानसभा सीट पर वसुंधरा राजे का प्रभाव साफ तौर पर देखा जाता है। यह सीट उनके करीबी माने जाने वाले विधायक कंवरलाल मीणा की अयोग्यता के चलते खाली हुई है। ऐसे में यह स्वाभाविक है कि बीजेपी आलाकमान टिकट वितरण से पहले राजे की सहमति लेना चाहेगा। मदन राठौड़ ने पुष्टि की है कि संभावित नामों की सूची केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेज दी गई है और हरी झंडी मिलते ही औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।
राजे बोलीं – “पार्टी का फैसला सर्वमान्य होगा”
मीडिया से बातचीत में वसुंधरा राजे ने स्पष्ट कहा, “पार्टी जिसे टिकट देगी, मैं उसके साथ रहूंगी। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष यह फैसला करेंगे। पार्टी की तरफ से जो भी निर्देश दिए जाएंगे, वैसा काम होगा। सभी लोग पार्टी के निर्देशों की पालना करेंगे।”
कौन हो सकता है बीजेपी का चेहरा?
उम्मीदवार को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। सबसे प्रबल नाम पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी का है, जिनका कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया से चुनावी इतिहास रहा है। इसके अलावा पूर्व जिला प्रमुख नंदलाल सुमन भी एक मजबूत दावेदार के रूप में देखे जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जातीय संतुलन और स्थानीय समीकरणों के आधार पर बीजेपी किसी ऐसे चेहरे को उतारना चाहती है, जो कांग्रेस और बागी प्रत्याशी के बीच वोटों के बंटवारे का लाभ उठा सके।
तीर कांग्रेस ने चलाया, बागी ने मारा दांव, अब बीजेपी की बारी
इस उपचुनाव में कांग्रेस ने पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया को मैदान में उतार दिया है, जबकि कांग्रेस से बागी हुए विधायक नरेश मीणा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। ऐसे में बीजेपी के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।
चुनाव की तारीख नजदीक, बीजेपी की घोषणा तय करेगी दिशा
चुनाव आयोग ने उपचुनाव की तारीख 11 नवंबर घोषित की है और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं, इसलिए बीजेपी की तरफ से प्रत्याशी के ऐलान में हो रही देरी राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे रही थी। अब माना जा रहा है कि देर शाम तक बीजेपी की तरफ से नाम सामने आ जाएगा, जो इस चुनावी मुकाबले की दशा और दिशा तय करेगा।


