डीडवाना पुलिस ने बदमाशों को सबक सिखाने के लिए बुलडोजर एक्शन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गैंगस्टर आनंदपाल सिंह के लाडनूं में स्थित टॉर्चर हाउस (फॉर्म हाउस) को बुधवार को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। लाडनूं के डिप्टी कलेक्टर विकी नागपाल ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने इस टॉर्चर हाउस को तोड़ने के आदेश जारी किए थे।
इसके बाद एसपी ऋचा तोमर के निर्देशन में पुलिस की टीमें निम्बी जोधा रोड पर स्थित इस फार्म हाउस पर पहुंचीं, जिसे टॉर्चर हाउस के नाम से जाना जाता था, क्योंकि यहां लोगों को बंधक बनाकर यातनाएं दी जाती थीं। बुधवार को पुलिस ने कई बुलडोजरों के साथ इस टॉर्चर हाउस को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर की आवाजें गूंजती रहीं और टॉर्चर हाउस की दीवारें पूरी तरह से ध्वस्त हो गईं।
यह टॉर्चर हाउस लाडनूं में लगभग 8 बीघा क्षेत्र में फैला हुआ था। साल 2016 में जब आनंदपाल सिंह फरार था, तब पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए मजबूर करने तथा आर्थिक नुकसान पहुंचाने के मकसद से उसकी कई प्रॉपर्टी, जमीनें और फार्म हाउस को कुर्क कर कब्जे में ले लिया था। इस जमीन पर अब सरकार ने एक सरकारी कन्या महाविद्यालय भी बना दिया है। कॉलेज भवन के ठीक सामने स्थित इस टॉर्चर हाउस को आज बुलडोजर से पूरी तरह मिटा दिया गया।


