जयपुर। राजस्थान को तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से 4 से 6 जनवरी तक जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में ‘राजस्थान डिजिफेस्ट-टाई ग्लोबल समिट’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय समिट में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट, टाई वुमन ग्लोबल सेमीफाइनल, टाई यू फाइनल, गेमिंग हैकाथॉन और फिल्म फेस्टिवल जैसे आकर्षक आयोजन शामिल होंगे।
“स्टार्टअप्स के लिए तैयार होगा मजबूत इकोसिस्टम”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डिजिफेस्ट की घोषणा करते हुए कहा कि यह समिट राजस्थान के स्टार्टअप्स, युवाओं और इनोवेटर्स को वैश्विक मंच प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि टाई ग्लोबल समिट और डिजिफेस्ट का संयोजन निवेश, इनोवेशन और स्टार्टअप्स के लिए एक मजबूत तंत्र (इकोसिस्टम) तैयार करेगा, जो प्रदेश को तकनीकी दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
दुनियाभर के उद्यमियों और निवेशकों को आमंत्रण
मुख्यमंत्री शर्मा ने दुनिया भर के उद्यमियों, निवेशकों और इनोवेटर्स को जयपुर में होने वाली इस समिट में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। इस अवसर पर राज्य सरकार ‘राजस्थान एआई पॉलिसी’ भी लॉन्च करेगी, जिससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी आधारित नवाचारों को प्रोत्साहन मिलेगा।
10 हजार से ज्यादा उद्योगपति होंगे शामिल
यह पहली बार है जब टाई ग्लोबल समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन का मेजबान कोई टियर-2 शहर बना है। इस समिट में 30 देशों से 200 से अधिक स्टार्टअप्स, करीब 10 हजार उद्योगपति, 500 से ज्यादा निवेशक और 100 से अधिक वैश्विक वक्ता शामिल होंगे। आयोजन के दौरान स्टार्टअप्स को 200 करोड़ रुपये से अधिक की फंडिंग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजस्थान बनेगा नवाचार और तकनीक का केंद्र
राज्य सरकार का मानना है कि यह आयोजन राजस्थान को न केवल स्टार्टअप्स और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान देगा, बल्कि प्रदेश को निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।


