33.6 C
Jaipur
Saturday, March 7, 2026

CM भजनलाल शर्मा बोले- PM मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर बना भारत का अभिन्न अंग, सरदार पटेल का सपना हुआ पूरा

जयपुर। सरदार @150 यूनिटी मार्च कार्यशाला का आयोजन किया गया। SMS इण्डोर स्टेडियम पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी दृढ इच्छाशक्ति से राष्ट्र का पुनर्निर्माण किया और बिखरे हुए भारत को एकता के सूत्र में पिरोया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने दूरदर्शी सोच के साथ देश को राजनीतिक एकीकरण और आर्थिक स्वावलंबन के माध्यम से मज़बूत बनाया। उन्होंने दिखाया कि जब राष्ट्रहित सर्वोपरि हो, तो कोई भी बाधा रास्ते में नहीं आ सकती।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद सरदार पटेल ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत“ का विज़न देते हुए 560 से अधिक रियासतों के अनिश्चित भविष्य को दूर किया और उनका एकीकरण किया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय दबाव के बावजूद राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सेना भेजकर हैदराबाद को क्रूर निज़ाम से मुक्ति दिलवायी। सीएम शर्मा ने कहा कि धारा 370 की वजह से जम्मू-कश्मीर कट्टरपंथ और अलगाववाद का अड्डा बन गया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व के कारण जम्मू-कश्मीर भारत का पूर्ण और अभिन्न अंग बना और सरदार पटेल का अधूरा सपना पूरा हुआ।

आर्थिक स्वावलंबन ही असली आजादी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल केवल राजनीतिक एकीकरण में ही विश्वास नहीं रखते थे। वे जानते थे कि असली आज़ादी तब आएगी जब देश आर्थिक रूप से स्वावलंबी होगा। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत और आत्मसंपन्न भारत की नींव रखी। सीएम शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल की प्रेरणा से देश के किसानों और दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक शोषण से बचाने के लिए स्वदेशी दुग्ध समिति के माध्यम से खेड़ा सत्याग्रह की शुरुआत हुई। उसी सत्याग्रह से अमूल की नींव पड़ी जो आज दुनिया की सबसे बड़ी दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्थाओं में से एक है।

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

शर्मा ने कहा कि 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देश के हर संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों में 3 दिन तक 8 से 10 किमी लंबी पदयात्रा आयोजित की जाएगी। पदयात्रा के दौरान आमजन सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए आत्मनिर्भर भारत की शपथ लेंगे तथा योग एवं स्वास्थ्य शिविर, वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही, एक जिला-एक खेल योजना के तहत प्रत्येक जिले में स्थानीय प्रचलित खेल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के दिन प्रदेश के हर जिले से 2-2 पदयात्री सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद से लेकर एकता के प्रतीक स्टेच्यू ऑफ यूनिटी केवडिया तक देशभर के अन्य पदयात्रियों के साथ 152 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा करेंगे।मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सरदार@150 यूनिटी मार्च- राष्ट्रव्यापी जन-जागरण अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब हर जन सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करेगा तो उन्हें यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सरदार पटेल ने देश को एक करने के लिए किए साहसिक कार्य

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि सरदार पटेल ने देश को एक करने के लिए ऐसे साहसिक कार्य किए, जो कभी नहीं भुलाए जा सकते। उन्होंने हैदराबाद के निजाम को भारत में विलय के लिए मजबूर कर दिया। जब पाकिस्तान के कबाइलों ने कश्मीर में आक्रमण कर उसे हड़प लिया, तो पटेल ने तुरंत कदम उठाए और आधे कश्मीर को बचा लिया। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की 150वीं जयन्ती पर आयोजित होने वाले यूनिटी मार्च को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता जिला और विधानसभा स्तर पर सक्रियता से कार्य करें।

खेल एवं युवा मामलात मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकजुट करने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटेल के इसी संकल्प को आगे बढ़ाया और एक भारत-श्रेष्ठ भारत पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया। हम सब भारतीय हैं, यही यूनिटी मार्च कार्यक्रम की प्रमुख रूपरेखा है। कार्यक्रम के समापन पर खेल एवं युवा मामलात राज्यमंत्री के.के. विश्नोई ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र गोठवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची सहित बड़ी संख्या में आमजन एवं युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles