Rajasthan By-Election: अंता। राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने नामांकन दाखिल कर दिया। भाया अपनी पत्नी व जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया और समर्थकों के साथ अंता पहुंचे और SDM हवाई सिंह के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
शुभ मुहूर्त में भरा पर्चा, रैली बुधवार को
नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रमोद जैन भाया ने बताया कि उन्होंने शुभ मुहूर्त के अनुसार सोमवार को सामान्य रूप से पर्चा दाखिल किया है। जबकि बड़ी नामांकन रैली बुधवार (15 अक्टूबर) को आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई नेता शामिल होंगे। इस रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी की उम्मीद है।
नरेश मीणा निर्दलीय के रूप में उतरेंगे मैदान में
इस उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार तब और प्रबल हो गए जब नरेश मीणा ने 14 अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने की घोषणा की। मीणा पहले ही अपने इरादों को स्पष्ट कर चुके हैं और उनके मैदान में उतरने से मुकाबला रोचक हो गया है।
भाजपा अब भी प्रत्याशी चयन में उलझी
दूसरी ओर, भाजपा (BJP) की ओर से अभी तक किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। पार्टी के भीतर जिला, प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के बीच मंथन जारी है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है कि भाजपा किस नाम पर दांव लगाएगी।


