जयपुर | सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए गांधी सर्किल पर रन फॉर यूनिटी दौड़ हुई। जो गांधी सर्किल से शुरू होकर बिड़ला मंदिर, रामबाग, अंबेडकर सर्किल होते हुए अमर जवान ज्योति पहुंची। दौड़ में डीजीपी राजीव शर्मा, जयपुर कमिश्नर सचिन मित्तल व स्पेशल कमिश्नर राहुल प्रकाश सहित कई अधिकारी शामिल हुए। साथ ही कमिश्नरेट के हर थाना स्तर पर भी दौड़ हुई। इसके बाद डीजीपी ने पुलिस मुख्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस दौरान एडीजी हवासिंह घुमरिया, बीजू जार्ज जोसफ, रूपिंदर सिंघ, भूपेंद्र साहू, बीएल मीणा, आईजी प्रफुल्ल कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इधर, पत्रकार कॉलोनी थाना की ओर से रन फॉर यूनिटी का आयोजन हुआ। थानाधिकारी मदन कड़वासरा और टीम ने खरबास सर्किल से परशुराम सर्किल, पत्रकार कॉलोनी तक दौड़ लगाई। पत्रकार कॉलोनी विकास समिति अध्यक्ष अजय शुक्ला और समिति पदाधिकारियों, अल्फा एकेडमी स्कूल कैम्ब्रिज कोर्ट के बच्चों ने जोश के साथ सहभागिता की। साथ ही जयसिंहपुरा खोर में पुलिस मित्रों के साथ एसएचओ राजेश शर्मा ने जयसिंहपुरा खोर थाने से मित्तल कॉलेज तक दौड़ लगाई।


