दिवाली से पहले देशभर में आतंकी हमलों की आशंका को देखते हुए खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के बाद राजस्थान पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। खासतौर पर पाकिस्तान सीमा से सटे जिलों में चौकसी और गश्त बढ़ा दी गई है।
केंद्र से मिले अलर्ट के बाद सख्ती
पुलिस मुख्यालय को केंद्र सरकार की एजेंसियों से मिले सुरक्षा अलर्ट के बाद प्रदेश के सभी जिलों को सतर्क रहने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों की कड़ाई से जांच की जा रही है। साथ ही एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजारों में अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है।
हाईवे और सीमावर्ती जिलों पर कड़ी नजर
सभी राष्ट्रीय और राज्यीय राजमार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। सीमावर्ती बाड़मेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर और बीकानेर जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर खुफिया एजेंसियां नजर रखे हुए हैं।
जयपुर में खास सुरक्षा प्लान
राजधानी जयपुर में दीवाली को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष सुरक्षा योजना लागू की है। शहर के प्रमुख बाजारों — जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया गेट — में सादी वर्दी में जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस, आरएसी, क्यूआरटी, हाड़ी रानी बटालियन और होमगार्ड की टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
जयपुर के प्रमुख बाजारों और सरकारी भवनों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से भीड़-भाड़ वाले इलाकों की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी लगातार मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
पुलिस मनाएगी दीवाली सड़कों पर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इस बार भी पुलिसकर्मी अपनी दीवाली ड्यूटी पर मनाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अतिरिक्त बल उपलब्ध कराया है, ताकि आमजन सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सके।


