दिल्ली। दिवाली का त्योहार नजदीक है और इसके साथ ही बाजारों में चहल-पहल और रौनक भी चरम पर है। रोशनी, पटाखों और मिठाइयों से भरे इस पर्व पर लोग अपने घरों को सजाने, नए कपड़े खरीदने और रिश्तेदारों को गिफ्ट देने के लिए खास तैयारियां करते हैं। खासकर महिलाएं दिवाली शॉपिंग को लेकर बेहद उत्साहित रहती हैं और महीनों पहले से अपनी लिस्ट तैयार कर लेती हैं।
ऐसे में अगर आप भी बजट में शॉपिंग करना चाहते हैं, तो दिल्ली और नोएडा की ये लोकल मार्केट्स आपके लिए बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकती हैं। यहां त्योहार से जुड़ी हर चीज न केवल विविधता में बल्कि किफायती दामों पर भी मिल जाती है।
सरोजिनी नगर मार्केट – ट्रेंडी और ट्रेडिशनल का परफेक्ट कॉम्बो
दिवाली शॉपिंग के लिए सरोजिनी नगर सबसे पसंदीदा मार्केट्स में से एक है। यहां आपको मिलेंगी रंग-बिरंगी लाइट्स, तोरन, फूलों की माला, लेटेस्ट फैशनेबल कपड़े और डेकोरेटिव आइटम्स के साथ बेहतरीन गिफ्ट आइडिया और सबसे जरूरी बात यहां बार्गेनिंग करना न भूलें, क्योंकि दाम जितने पूछे जाएं, उससे आधे में भी सौदा हो सकता है।
करोल बाग – त्योहार की हर जरूरत का एक ठिकाना
करोल बाग मार्केट दिवाली के समय और भी चमक उठती है। यहां आपको पटाखे, झालर, रंगोली, दीये शानदार होम डेकोर आइटम्स और त्योहार पर पहनने के लिए पारंपरिक कपड़े, बेहद ही किफायती दामों में मिल जाएंगे। यह जगह होलसेल मार्केट की तरह काम करती है, इसलिए कीमतें भी वाजिब होती हैं।
चांदनी चौक की दरीबा कलां – डेकोरेशन और गिफ्ट्स का खजाना
अगर आप कुछ अलग और ट्रेडिशनल ढंग की शॉपिंग करना चाहते हैं तो दरीबा कलां परफेक्ट जगह है। यहां होम डेकोर, डेकोरेटिव आइटम्स, कैंडल्स पारंपरिक डिजाइनों में गिफ्ट आइटम्स और ढेरों सजावटी सामान की भारी वैरायटी मौजूद रहती है। यहां मोलभाव का स्कोप बहुत होता है, तो खूब बचत भी हो सकती है।
भागीरथ पैलेस – दिवाली लाइट्स का हब
भागीरथ पैलेस, जो इलेक्ट्रिक मार्केट के नाम से जाना जाता है, यहां दिवाली लाइटिंग के लिए हर चीज मिलती है। झालर, लैंप्स, LED लाइट्स, झूमर, मोमबत्तियां, बंदनवार यहां आपको डेकोरेशन के इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स थोक भाव में मिल सकते हैं।
नोएडा का अट्टा मार्केट – बजट शॉपिंग के लिए परफेक्ट
दिल्ली से सटे नोएडा का अट्टा मार्केट भी दिवाली शॉपिंग के लिए जबरदस्त जगह है। यहां मिलते हैं रंगोली कलर्स, पेंटिंग्स, लाइट्स, और त्योहार की सजावटी चीजें। यह मार्केट खास तौर पर बजट-फ्रेंडली शॉपिंग के लिए जाना जाता है। अट्टा मार्केट के पीछे स्थित इंदिरा मार्केट में भी सस्ते दामों पर शानदार गिफ्ट्स और डेकोरेशन आइटम्स मिल जाते हैं।
बजट में धमाकेदार शॉपिंग
अगर आप इस दिवाली बजट में धमाकेदार शॉपिंग करना चाहते हैं और ऑनलाइन शॉपिंग से कुछ हटकर लोकल मार्केट की रौनक का मजा लेना चाहते हैं, तो दिल्ली और नोएडा की ये मार्केट्स आपके लिए बेस्ट हैं।


