जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री मंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को उदयपुर जोन की सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी फील्ड में एक्टिव रहें और हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। उपमुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि डीएलपी अवधि की सड़कों को जल्द दुरुस्त करवाया जाए। यदि कोई संवेदक धीमी गति से काम कर रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने बजट 2024-25 की घोषणाओं से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने और बजट 2025-26 की घोषणाओं के लिए निविदा प्रक्रिया को तत्काल पूरा कर काम शुरू करवाने के निर्देश दिए।
हर सप्ताह होगी समीक्षा बैठक
दिया कुमारी ने उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और सलूंबर जिलों की सड़कों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी के कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के लिए हर सप्ताह ज़ोनवार समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है।
कई विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक के दौरान एनएचएआई, एनएच, आरएसआरडीसी, राजस्थान स्टेट हाईवे अथॉरिटी, पेचेबल व नॉन पेचेबल सड़कें और मिसिंग लिंक सहित विभिन्न श्रेणी की परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में एसीएस पीडब्ल्यूडी प्रवीण गुप्ता, पीडब्ल्यूडी शासन सचिव डी.आर. मेघवाल, मुख्य अभियंता टी.सी. गुप्ता समेत मुख्यालय और संबंधित जिलों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।


