जयपुर। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर की माताजी स्नेहलता सिंह का शुक्रवार को जयपुर के दुर्लभजी अस्पताल में निधन हो गया। 93 वर्षीय स्नेहलता सिंह लंबे समय से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा था। निधन की सूचना मिलते ही मंत्री खींवसर तुरंत अस्पताल पहुंचे। उनके निधन की खबर फैलते ही खींवसर और जयपुर सहित पूरे राजस्थान में शोक की लहर दौड़ गई।
सीएम भजनलाल शर्मा और नेताओं ने जताया शोक
मंत्री खींवसर की माताजी के निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा, “प्रदेश सरकार में मेरे सहयोगी, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर जी की पूज्य माताजी स्नेहलता कुमारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने परमधाम में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।”
जानकारी के मुताबिक स्नेहलता सिंह पिछले कुछ महीनों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। उनकी हालत गुरुवार रात से और गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को स्थिर करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे उन्हें बचा नहीं सके। स्नेहलता सिंह के निधन के बाद उनके पैतृक गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।


